Mandi: पहली बार गणपति मंदिर नहीं पहुंचे देव आदि गणपति,नहीं निभाई जा सकी परंपरा
punjabkesari.in Friday, Sep 05, 2025 - 05:50 PM (IST)

मंडी (नीलम): बिघ्न हर्न मंगल करन आदि गणपति महाराज हर वर्ष गणेश महोत्सव के अवसर पर सिद्ध गणपति मंदिर सैण पहुंचते थे, लेकिन इस वर्ष जल्ला गांव का सड़क मार्ग बाधित होने के कारण यह परंपरा नहीं निभाई जाएगी। देवता के पुजारी भवानी दत्त शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में भक्तों को देवता द्वारा आशीर्वाद दिया गया। इस मौके पर शुक्रवार को क्षेत्र में एक धार्मिक यात्रा का आयोजन भी किया गया। ढोल-नगाड़ों के साथ भगवान श्री गणेश रूहडू धार स्थान पर पहुंचे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जगत के सुख के लिए अधिक वर्षा को रोकना रहा है, जिससे क्षेत्र में आई संभावित आपदा को टाला जा सके।
बता दें कि आदि गणपति देवता का मंदिर उत्तरशाल घाटी के स्नोर में स्थित है। जल्ला गणेश मंदिर का इतिहास बहुत प्राचीन है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इस मंदिर की नींव व प्राचीन मूर्ति पांडवों ने अपने अज्ञातवास के दौरान रखी थी। मंदिर परिसर में आज भी एक पांडव शिला मौजूद है, जिसकी स्थानीय लोग पूजा करते हैं। आदि गणपति देवता प्राचीन काल से ही भक्तों की विपत्तियों को दूर करते आए हैं। इस क्षेत्र में कोई भी महत्वपूर्ण कार्य देवता की अनुमति के बिना नहीं किया जाता है।