डल्हौजी शहर को 24 घंटे मिलेगा पेयजल : मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Wednesday, May 10, 2023 - 08:19 PM (IST)

डिप्टी सीएम ने डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र में किए 88 करोड़ की पेयजल योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास
सलूणी/डल्हौजी (शक्ति/शमशेर):
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र में 88 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न पेयजल योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किए। उन्होंने बताया कि डल्हौजी शहर को 24 घंटे पानी उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे यहां के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी तथा आने वाले समय में अन्य शहरों में भी 24/7 पानी उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पानी के लिए डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने सलूणी, मंजीर, सुंडला एवं डियूर क्षेत्र की विभिन्न पेयजल योजनाओं के संवर्द्धन कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस पेयजल योजना के तहत 56.27 करोड़ रुपए की राशि संवर्द्धन  कार्यों पर व्यय की गई। इस योजना के कार्यशील होने से 20 ग्राम पंचायतों के 70 गांव, 486 बस्तियां और इस क्षेत्र के लगभग 35000 की आबादी को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

मुकेश अग्निहोत्री ने पेयजल योजना डल्हौजी के संवर्द्धन कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि अमृत मिशन चरण द्वितीय के तहत इस पेयजल योजना के संवर्धन कार्यों पर लगभग 30 करोड़ रुपए की धनराशि व्यय की जाएगी। इसके माध्यम से नगर परिषद डल्हौजी की 12000 से अधिक आबादी को बेहतर पेयजल आपूर्ति उपलब्ध होगी। इसके साथ ही वर्षा जल संग्रहण के माध्यम से 4.50 लाख लीटर जल की उपलब्धता अग्निशमन सेवाओं को भी सुदृढ़ बनाएगी। योजना के तहत ही नगर परिषद डल्हौजी के क्षेत्र में विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर भी लगाए जाएंगे। उन्होंने आहला पेयजल योजना के जल ग्रहण क्षेत्र में सुधार कार्यों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1872 से डल्हौजी क्षेत्र को पेयजल उपलब्ध करवाने वाली इस पेयजल योजना के कैचमैंट एरिया के सुधार कार्यों पर 1 करोड़ रुपए की धनराशि व्यय होगी। 

मुकेश अग्निहोत्री ने डल्हौजी में जल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली का लोकार्पण किया तथा बताया कि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए डल्हौजी शहर में रियल टाइम वाटर मॉनीटरिंग सिस्टम स्थापित किया गया है। 35 लाख रुपए की राशि से निर्मित इस निगरानी प्रणाली के माध्यम से पेयजल के 4 विभिन्न मानकों की जांच होगी। इसमें पीएच वैल्यू, टर्बिडिटी, टीडीएस और आर रैजिडूअल क्लोरीन शामिल है। डल्हौजी क्षेत्र में लगभग 19 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज परियोजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसका निर्माण कार्य सितम्बर 2023 तक पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री आशा कुमारी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी कमल ठाकुर, पूर्व विधायक अजय महाजन, सचिव रात्य कांग्रेस कमेटी अमित भरमौरी, डीसी अपूर्व देवगन, एसपी अभिषेक यादव व जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता सुनील कनोतरा आदि उपस्थित रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News