डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने नूरपुर क्षेत्र में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2023 - 09:15 PM (IST)

नूरपुर (रुशांत): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में बरसात व भूस्खलन से प्रभावित हुए क्षेत्रों लदोड़ी, मिंजग्रां व पुंदर पंचायतों का दौरा किया तथा नुक्सान का जायजा लिया। इस मौके उनके साथ पूर्व विधायक अजय महाजन मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान भूस्खलन के कारण जमींदोज तथा क्षतिग्रस्त हो चुके मकानों का जायजा लिया। प्रभावित परिवारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस बरसात में कई लोगों की जीवन भर की पूंजी पानी में बह गई और उनके आशियाने टूट गए हैं, जिसका बहुत दुख है। भूस्खलन के कारण जो लोग भूमिहीन हो गए हैं, उन्हें राज्य सरकार भूमि आबंटित करने के साथ मकान बनाने में भी सहयोग करेगी। 

5 प्रभावित परिवारों को वितरित की 1-1 लाख की राशि
मुकेश अग्निहोत्री ने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की पुंदर पंचायत के भेड खड्ड गांव के 5 परिवारों को एक-एक लाख रुपए की राहत राशि वितरित की। वहीं लदोड़ी में प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविर में रह रहे लोगों से मुलाकात की। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में हुई आपदा से जल शक्ति विभाग को 2000 करोड़ का नुक्सान हुआ है। प्रदेश में पेयजल योजनाओं को सुचारू बनाने के लिए जल शक्ति विभाग को 61 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है।  

फिन्ना सिंह सिंचाई योजना जल्द होगी पूरी  
पूर्व विधायक अजय महाजन ने पिछले कई समय से लटकी पड़ी निर्माणाधीन फिन्ना सिंह सिंचाई योजना के लिए बजट उपलब्ध करवाने के लिए मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया। महाजन ने कहा कि उक्त प्रोजैक्ट उनके पिता सत महाजन का ड्रीम प्रोजैक्ट रहा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 643 करोड़ रुपए की नूरपुर क्षेत्र की फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना पर राज्य सरकार द्वारा अब तक 300 करोड़ रुपए व्यय किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक अजय महाजन ने जब उन्हें उक्त प्रोजैक्ट के बारे में विस्तार से बताया तो उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष मामला उठाया था तथा अब 343 करोड़ रुपए की शेष राशि जारी करने की केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। उक्त प्रोजैक्ट को जल्द से जल्द शुरू करवाया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News