प्रतिमाओं काे लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए : मुकेश अग्निहोत्री

punjabkesari.in Friday, Jun 23, 2023 - 09:23 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल के विकास में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को राजीव भवन शिमला में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने 60 वर्ष तक प्रदेशवासियों के दिलों पर राज किया। अंतिम समय तक वह हिमाचल विधानसभा के सदस्य थे। उन्होंने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को विकास पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने हिमाचल का एक समान विकास किया। अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री स्वर्गीय वाईएस परमार को हिमाचल निर्माता की संज्ञा दी जाती है जबकि वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को निखारा, ऐसे में उन्हें आधुनिक हिमाचल का निर्माता के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हिमाचल की भावनात्मक एकता के लिए काम किया। वह किसी इलाके या जाति विशेष के नहीं बल्कि पूरे हिमाचल के नेता थे। 

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाए जाने संबंधी फाइल को किसी ने नहीं दबाया
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का यह कहना कि उनकी पार्टी की मर्यादा स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाने की इजाजत नहीं देती थी, यह कहना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि जो नेता मुख्यमंंत्री बन जाता है, वह पार्टी से ऊपर हो जाता है। ऐसे में यह धारणा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल के विकास में वीरभद्र सिंह के योगदान को हर प्रदेशवासी जानता है। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि रिज मैदान पर स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाए जाने संबंधी फाइल को किसी ने नहीं दबाया है। उनकी पहली प्रतिमा सैंज में लग चुकी है और आने वाले समय में अन्य जगह भी लगाए जाने के फैसले लिए जाएंगे, ऐसे में प्रतिमाओं को लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस परमार और वीरभद्र सिंह के नाम को इस तरह के विवाद में लाना सही नहीं है। 

वीरभद्र सिंह कई लोगों को राजनीति में लेकर आए
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सेब राज्य के साथ-साथ वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को ऊर्जा राज्य के तौर पर भी आगे बढ़ाया। कई लोगों को वह राजनीति में लेकर आए। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में कई आयाम स्थापित किए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहने के साथ ही केंद्र में भी मंत्री रहे।

वीरभद्र सिंह जनभावना से करते थे काम : सुधीर 
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती को विकास दिवस के रूप में मनाया गया। उन्होंने कहा कि  वीरभद्र सिंह जनभावना से काम करते थे और सभी को साथ लेकर चलते थे। उनका शासन ऐसा था कि बाघ और बकरी एक जगह पानी पी सकें। वह दुश्मनों को भी साथ लेकर चलते थे। शायद ही कोई परिवार प्रदेश में ऐसा होगा, जो उनका स्मरण न करता हो। सुधीर शर्मा ने कहा कि वीरभद्र सिंह ही उन्हें राजनीति में लेकर आए थे और वह उनके दिखाए हुए रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News