हिमाचल में फर्जी दस्तावेजों से पंजीकृत हुई करोड़ों की गाड़ियों की होगी जांच : मुकेश अग्निहोत्री
punjabkesari.in Wednesday, Dec 21, 2022 - 10:57 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): हमारी सरकार केन्द्र सरकार से बेहतर रिश्ते रखेगी। प्रदेश और केन्द्र सरकार के बीच संघीय ढांचे के तहत तालमेल होगा। हमारा टैक्स का पैसा वहां जाता है और जो हक प्रदेश का होगा उसे हासिल करेंगे। यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने केन्द्र से कोई भी मदद हासिल नहीं की। केन्द्र में भाजपा की सरकार थी लेकिन जो हक हिमाचल को लेने चाहिए थे वे नहीं लिए गए। केवल इवैंट्स होते रहे और एचआरटीसी बसों के जरिए लोगों की ढुलाई इस इवैंट मैनेजमैंट में होती रही। 1350 करोड़ रुपए के घाटे में एचआरटीसी है। 1000 बसें कंडम हो चुकी हैं जो सड़कों पर तो चल रही हैं लेकिन वह जीरो वैल्यू की हैं।
प्रदेश में एक बड़ा माफिया कर रहा वोल्वो बसों को अपग्रेड
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में एक बड़ा माफिया वोल्वो बसों को अपग्रेड कर रहा है। कुछ ही दिनों में इस पूरे माफिया का पर्दाफाश किया जाएगा। तमाम प्रकार के फर्जी डॉक्यूमैंट के जरिए देश की लग्जरी गाड़ियां हिमाचल में रजिस्टर्ड कर दी गईं। दिल्ली में करोड़ों रुपए की गाड़ियां सड़कों पर बिकती हैं तो नम्बर हिमाचल का होता है। यह एक बड़ा स्कैम है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी को यदि लाभ की स्थिति में न पहुंचाया तो कम से कम हानि भी नहीं होने दी जाएगी। हिमाचल प्रदेश में 300 नई इलैक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी।
छाती दिखानी शुरू की तो रद्द किए जाएंगे सभी टैंडर
डिप्टी सीएम ने कहा कि कुछ लोगों ने यदि छाती दिखानी शुरू की तो सभी टैंडर रद्द कर दिए जाएंगे। कोड ऑफ कंडक्ट अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि टैंडर लगा दिए गए। अभी तो वह शालीनता दिखा रहे हैं। यदि कुछ लोग न मानें तो हजारों करोड़ के तमाम टैंडर रद्द कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग में जो कुछ हुआ उसकी व्यापक पड़ताल की जाएगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here