Kangra: प्रदेश की कांग्रेस सरकार को बचपन में ही आ गया बुढ़ापा : जयराम

punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 10:56 PM (IST)

देहरा (राजीव): पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री और कांग्रेस के विधायक मनरेगा का नाम बदलने पर शिमला में धरने पर बैठ गए। मनरेगा का केवल नाम बदला गया है उस योजना को बंद नहीं किया गया। कांग्रेस सरकार एक योजना का नाम बदलने पर धरने पर बैठ गई लेकिन भाजपा सरकार के समय खोले गए 2 हजार संस्थानों को सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही बंद कर दिया। इसका कांग्रेस सरकार के पास क्या जवाब है। जयराम सोमवार को देहरा में भाजपा की परिचय बैठक के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने संस्थानों को बंद करने का काम किया और इसके साथ भाजपा सरकार के समय चलाई गई योजनाओं को भी बंद कर दिया। जयराम ने कहा कि कोई भी सरकार काम करने के लिए चुनी जाती है लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार काम बंद करने वाली सरकार के रूप में जानी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक मुख्यमंत्री को विधानसभा क्षेत्र में ले जाने से डरते हैं क्योंकि उनको डर होता है कि कहीं मुख्यमंत्री भाजपा सरकार में खोले गए संस्थानों को बंद न करवा दें। जयराम ने कहा कि सरकार के तीन साल पूरे हो जाते हैं तो समझो जवानी चली गई और बुढ़ापा आ गया लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार तो बचपन में ही बूढ़ी हो गई है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने हुए एक ही वर्ष हुआ था कि उनकी पार्टी के 6 विधायक कांग्रेस को छोड़ गए। कांग्रेस की सरकार ने हर तरह के हथकंडे अपनाए और दबाव बनाकर उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन 9 विधायकों ने कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस ले लिया। राज्यसभा के चुनाव में प्रचंड बहुमत होने के बावजूद भी कांग्रेस हारी और सीट भाजपा की झोली में आई। कांग्रेस की सरकार को जवानी आई ही नहीं बल्कि बचपन में ही बुढ़ापा आ गया। एक साल के कार्यकाल में ही यह हालात बन गए कि इनके अपने ही विधायक इन्हें छोड़कर चले गए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकासात्मक कार्यों को आज भी याद कर रही है और देहरा में भी भाजपा सरकार के समय 800 करोड़ के विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस सरकार ने थोड़ी कोशिश की थी लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में विकास पूरी तरह से ठप्प है। जयराम ने कहा कि प्रदेश में जब भी चुनाव होंगे भाजपा प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने देहरा जिला भाजपा के भाजपा मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही संगठन मंत्री और सह प्रभारी कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक बिक्रम ठाकुर, पूर्व विधायक होशियार सिंह, जिलाध्यक्ष अजय खट्टा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा, नितिन ठाकुर, देवेंद्र पिंटू और अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News