भयानक हादसा: खाई में गिरी बोलेरो कैंपर के उड़े परखच्चे, महिला की मौके पर मौत
punjabkesari.in Friday, Nov 07, 2025 - 07:43 PM (IST)
रामपुर बुशहर: शिमला जिला के उपमंडल रामपुर के तहत शिंगला पंचायत के खुना गांव में शुक्रवार दोपहर एक बोलेरो कैंपर गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त हाेने के चलते एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार बोलेरो गाड़ी (एचपी 06बी-5874) खुना गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसा इतनी भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को खनेरी स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर थाने से पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।

