मनाली में सनसनी! मिशन रोड पार्किंग में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 01:14 PM (IST)
मनाली/कुल्लू (संजीव): विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली में उस समय सनसनी फैल गई, जब यहां मिशन रोड स्थित एक पार्किंग में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मनाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने मिशन रोड पार्किंग में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। फिलहाल, मृतक की शिनाख्त के लिए शव को मनाली स्थित शवगृह में सुरक्षित रखा गया है, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके।
मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने उसका हुलिया भी जारी किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष के बीच है और उसका कद लगभग 5 फुट 8 इंच है। मृतक का शरीर दुबला-पतला है और उसकी पहचान के तौर पर छाती पर एक तिल का निशान मौजूद है। पुलिस इन शारीरिक विवरणों के आधार पर आसपास के क्षेत्रों और थानों में भी जानकारी जुटा रही है।
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से इस घटना की छानबीन कर रही है। वहीं, पुलिस थाना मनाली के एसएचओ ने जानकारी दी कि इस संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी इस हुलिए वाले व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी या सुराग मिले, तो वे तुरंत मनाली पुलिस थाना या नजदीकी पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें। मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

