चम्बा: राख-बिंदला मार्ग पर खाई में गिरी टाटा सूमो, 4 की मौ.त...9 लोग घायल

punjabkesari.in Thursday, Jun 06, 2024 - 11:38 AM (IST)

चम्बा/भरमौर (काकू/उत्तम): राख-सामरा-बिंदला मार्ग पर एक टाटा सूमो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है। इसमें 2 महिलाएं व 2 पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को टांडा मेडिकल काॅलेज रैफर कर दिया है जबकि 6 का चम्बा में ही उपचार चल रहा है। उनकी हालत ठीक है। पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वीरवार को टाटा सूमो सामरा से राख की तरफ जा रही थी। इसमें कुल 13 लोग सवार थे। जब वाहन डुडेंई के पास पहुंचा तो अचानक चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। खाई में गिरते की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
PunjabKesari

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को घटनास्थल से निकालकर 108 एंबुलैंस के माध्यम से मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और एक घायल महिला ने अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा 1 घायल ने टांडा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। चम्बा सदर थाना प्रभारी एसएचओ संजीव चौधरी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सुबह करीब 9 बजे हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और एक टीम मेडिकल काॅलेज चम्बा में तैनात रही। एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच चल रही है। हादसे में मारे गए लोगों के शव मेडिकल काॅलेज चम्बा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं।

मृतकों की सूची
हादसे में सरला देवी (42) पत्नी प्रवेश निवासी गांव सालवां डाकघर सामरा उपतहसील धरवाला जिला चम्बा, चमन लाल (14) पुत्र ओंकार सिंह निवासी गांव पुखरेड़ डाकघर सामरा, सृष्ठा (41) पत्नी भगत राम निवासी गांव बगोड़ी डाकघर सामरा जिला चम्बा व महिंद्र सिंह (35) पुत्र भुट्टू निवासी गांव मल्ला डाकघर सामरा जिला चम्बा की मौत हो गई है।

ये हुए घायल
दुर्घटना में संजय कुमार (24) पुत्र छांगा राम निवासी गांव बयूठा डाकघर बकान, सत्या देवी (62) पत्नी शक्ति प्रसाद निवासी गांव खलेला डाकघर सामरा, विद्या देवी (53) पत्नी जगदीश निवासी गांव जनोटी डाकघर सामरा, प्रवीण कुमार (29) पुत्र सरणों निवासी गांव धुलाड़ा डाकघर सामरा, अरुण (38) पुत्र प्रेमलाल निवासी नूरपुर जिला कांगड़ा, हेमराज (43) पुत्र रसीलू राम निवासी गांव कटला डाकघर सामरा, परस राम (60) पुत्र मुंशी राम व विवेक कुमार (18) पुत्र नंदलाल निवासी गांव ककेहल डाकघर सामरा और पल्लवी (21) पत्नी कुलदीप कुमार निवासी गांव छलाड़ा डाकघर सामरा तहसील व जिला चम्बा घायल हुए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News