Himachal : 15 अगस्त की ग्राम सभा अब होगी डिजिटल, ‘सभा सार’ में दर्ज होगी पूरी कार्यवाही
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 11:14 PM (IST)
डाडासीबा (सुनील): हिमाचल प्रदेश में 15 अगस्त को होने वाली अनिवार्य ग्राम सभा की कार्यवाही अब डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी। पंचायती राज विभाग ने सभी जिला पंचायत अधिकारियों को ग्राम सभाओं की कार्यवाही के दस्तावेजीकरण के लिए केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा विकसित कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ‘सभा सार’ मंच का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने जिला पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विकास खंड अधिकारियों, पंचायत सचिवों और अन्य संबंधित पंचायत कर्मियों तक आदेश पहुंचाकर 15 अगस्त की ग्राम सभाओं की कार्यवाही ‘सभा सार’ के माध्यम से रिकॉर्ड करवाएं।
‘सभा सार’ मंच ग्राम सभा की ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर बैठक के कार्यवृत्त तैयार करने में सक्षम है। इससे ग्राम सभा में हुई चर्चाओं, निर्णयों और अन्य कार्यवाही का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा तथा कार्यवृत्त तैयार करने की प्रक्रिया भी आसान और व्यवस्थित होगी। पंचायती राज मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश की 2,603 ग्राम पंचायतों में 15 अगस्त की अनिवार्य ग्राम सभा के दौरान ‘सभा सार’ के उपयोग का लक्ष्य निर्धारित किया है। विभाग ने जिला स्तर के अधिकारियों को इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा की रिकॉर्डिंग ‘सभा सार’ के माध्यम से करने के बाद संबंधित पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
इससे बैठक की कार्यवाही का डिजिटल अभिलेख तैयार होने के साथ ही कार्यवृत्त के स्वचालित निर्माण में भी सहायता मिलेगी। पंचायती राज विभाग के संयुक्त सचिव विजय ब्रागटा द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि इस प्रक्रिया को गंभीरता से लागू किया जाए। जिला पंचायत अधिकारी विकास खंड अधिकारियों, पंचायत सचिवों और अन्य पंचायत पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर 15 अगस्त की ग्राम सभाओं का डिजिटल रिकॉर्ड सुनिश्चित करेंगे। जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा सचिन ठाकुर ने निदेशालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों की पुष्टि की है।

