Mandi: CRPF जवान हारा जिंदगी से जंग, राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

punjabkesari.in Sunday, Sep 15, 2024 - 08:47 PM (IST)

नेरचौक (हरीश): बल्ह विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ गांव के केंद्रीय रिजर्व पुलिस की 31बीं बटालियन दिल्ली में हवलदार पद पर तैनात 42 वर्षीय कृष्ण गोपाल की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार इनकी जून महीने में अचानक तबीयत खराब हो गई थी, जिसके चलते इन्हें बटालियन ने इन्हें मैट्रो अस्पताल नोएडा में दाखिल करवाया। यहां पर चिकित्सकों ने इन्हें पीलिया व हैपेटाइटस सी रोग से ग्रस्त बताया। तबीयत नाजुक होती देख चिकित्सकों ने इन्हें वेंकटेश्वर मल्टी स्पैशलिस्ट अस्पताल द्वारका में रैफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान बीते शनिवार प्रात: पौने 8 बजे उनकी मौत हो गई।

PunjabKesari
बेटे ने दी चिता को मुखाग्नि
रविवार प्रात: इंस्पैक्टर रमेश चंद्र की अगुवाई में केंद्रीय रिजर्व पुलिस की एक टुकड़ी पूरे मान-सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव राजगढ़ लेकर आई, जहां करोलबाग श्मशानघाट पर इनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय मान-सम्मान के साथ किया गया। सेना की टुकड़ी ने इन्हें सलामी दी तथा बेटे अहम ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा के दौरान सैंकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। हवलदार कृष्ण गोपाल अपने पीछे पिता ईश्वर चंद, पत्नी दीपा कुमारी, बेटा अहम व बेटी आशना को छोड़ गए हैं।

PunjabKesari
21 वर्ष 3 माह दी सेवाएं
केंद्रीय रिजर्व पुलिस की ओर से इंस्पैक्टर रमेश चंद्र ने उनकी पत्नी दीपा कुमारी को 50 हजार रुपए फौरी राहत के तौर पर दिए। हवलदार कृष्ण गोपाल का जन्म 27 अक्तूबर, 1982 को राजगढ़ गांव में ईश्वर चंद के घर हुआ था। वे 2003 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस में भर्ती हुए और इन्होंने 21 वर्ष 3 माह तक अपनी सेवाएं देश के लिए प्रदान कीं। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष निहालचंद शर्मा, कैहड़ पंचायत के प्रधान हंसराज वर्मा, रिगड़ पंचायत के प्रधान चंद्र प्रकाश नलसर, पंचायत के प्रधान जिंदर कुमार व स्थानीय पुलिस के जवानों सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News