Kullu: चोरों के हौसले बुलंद! 2 घरों के तोड़े ताले, लाखों की नकदी और गहनों पर किया हाथ साफ

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 04:17 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू): पर्यटन नगरी मनाली में शातिर चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि वे अब रिहायशी इलाकों में बेखौफ होकर बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस थाना मनाली के अंतर्गत आने वाले सियाल और गुरुद्वारा के समीप अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग मकानों में सेंधमारी कर पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। शातिरों ने घरों के ताले तोड़कर न केवल 3 लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि लाखों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के बेशकीमती आभूषण भी चोरी कर लिए।

पहली वारदात मनाली के सियाल गांव में सामने आई है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के निवासी और वर्तमान में सियाल में किराए के मकान में रह रहे शिवा ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के अनुसार बीते 13 नवम्बर की रात करीब 11 बजे जब वह काम से अपने घर लौटा तो वहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे के मुख्य द्वार का ताला और कुंडी टूटी हुई थी, भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर भी खुला हुआ था।

पीड़ित ने जब घर के भीतर जांच-पड़ताल की, तो पाया कि अलमारी से उसकी पत्नी का पर्स गायब था। शातिर चोर उस पर्स को ही उड़ा ले गए, जिसमें करीब 3 लाख रुपए की नकदी के अलावा सोने का एक मंगलसूत्र, सोने की चार अंगूठियां, एक सोने की चेन और एक जोड़ी चांदी की पायल रखी हुई थी। उधर, दूसरी वारदात में चोरों ने गुरुद्वारा के समीप स्थित एक मकान को अपना निशाना बनाया। यहां भी शातिरों ने करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

शहर में हुई चोरी की इन दो बड़ी वारदातों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। मनाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिताकी धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नकदी और आभूषणों की बरामदगी के साथ-साथ शातिर चोरों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News