सोलन : शामती में पहाड़ी व मकानों में आईं दरारें, प्रशासन ने 20 मकान करवाए खाली

punjabkesari.in Tuesday, Jul 11, 2023 - 05:57 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): उम्र भर की मेहनत की कमाई जोड़कर बनाए गए आशियानों को 4 दिन चली भारी बरसात ने खाली करने को मजबूर कर दिया। अब अचानक नया ठिकाना कैसे ढूंढेंगे, यह चिंता शामती के लोगों को सता रही है। शामती की पहाड़ी और मकानों के पास आईं दरारों से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार को दोपहर बाद प्रशासन की टीम ने क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान एडीसी अजय यादव व खनन अधिकारी दिनेश कुमार मौके पर मौजूद रहे और लोगों को मकान खाली करने के निर्देश दिए। शामती में सुबह से लोग अफरा-तफरी में सामान इधर-उधर ले जा रहे थे। मकानों को हो रहे खतरे को भांपते हुए यहां बसे करीब 20 परिवारों ने पलायन करना ही बेहतर समझा। कुछ लोग अपने रिश्तेदारों व जानकारों के घरों में शरण ले रहे हैं तो कुछ आशियाने की तलाश कर रहे हैं।
PunjabKesari

क्या कहते हैं लोग
स्थानीय व्यक्ति छज्जू राम ने बताया कि वर्षों की मेहनत से पैसा जोड़कर उसने मकान बनाया है। उसके साथ कुछ अन्य लोग भी मकान में किराए पर रहते हैं। अब पहाड़ी के साथ मकानों के आसपास भी दरारें आ रही हैं। अब प्रशासन ने भी मकानों को खाली करने के लिए कह दिया है। शामती की रेणु ने बताया कि उसने यहां फ्लैट लिया था लेकिन भवन में दरारें आने के कारण उन्हें इसे खाली करना पड़ रहा है। उनके साथ वाले फ्लैट से तो टूटने की आवाजें आ रही हैं, जिससे यहां के लोग भयभीत हैं और मकानों को खाली करने में लगे हुए हैं। 
PunjabKesari

क्या बोले एडीसी सोलन
एडीसी सोलन अजय यादव ने बताया कि शामती बाजार के ऊपर की ओर पहाड़ी व घरों में दरारें आ रही हैं। मैंने स्वयं इसका जायजा लिया है। यहां जिन 15-20 मकानों को खतरा है, उन्हें खाली करने के लिए कहा गया है। लोग यहां से दूसरी जगह शिफ्ट हो जाएं। जिनके पास कोई व्यवस्था नहीं है, उनके लिए प्रशासन द्वारा ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News