कसौली गोलीकांड पर गरमाई सियासत, सत्ती का कांग्रेस पर पलटवार

punjabkesari.in Tuesday, May 08, 2018 - 09:17 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस पार्टी पर सत्ता में रहते की गई गलतियों पर पर्दा डालने तथा दोषारोपण एवं दुराग्रह की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कसौली गोलीकांड की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। साथ ही प्रदेश कानून व्यवस्था की खराब स्थिति के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार को दोषी ठहराया है। सत्ती ने यहां जारी बयान में कहा कि प्रदेश की सत्ता पर अधिकतर कांग्रेस का शासन रहा है और अफसरों के साथ मिलीभगत कर चहेतों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे करने के लिए उकसाया। उन्होंने प्रदेश के वन क्षेत्र में कब्जों के लिए कांग्रेस को पूरी तरह से दोषी ठहराया। 


भाजपा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के चलते करोड़ों बंगलादेशी रोहिंग्या अवैध ढंग से देश की भूमि पर कब्जा जमाकर बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में आतंकवाद और अलगाववाद की मुख्य जड़ अवैध घुसपैठिए ही हैं जिन्हें कांग्रेस ने समय-समय पर देश में शरण दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरफ से लंबे समय से खराब किए गए सिस्टम को सुधारने में थोड़ा वक्त लगेगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस के विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री पर भी निशाना साधा।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पर प्रश्न उठाने वाले कांग्रेस नेता यह बताएं कि जब उनके विधानसभा क्षेत्र में अवैध कटान को लेकर अधिकारियों ने कार्रवाई करनी चाही तो आरोपियों की गिरफ्तारियों के लिए 7 दिन का समय कैसे लग गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल के नेता व कांग्रेस अध्यक्ष आपसी अंतर्कलह को छिपाने के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को क्या यह जानने का अधिकार नहीं है कि क्या कारण थे कि वर्ष 2012 में प्रदेश में लगभग 12,000 प्राथमिकियां दर्ज हुई थीं और वर्ष 2017 तक यह संख्या 17,500 तक पहुंच गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News