Himachal: कांग्रेस ने ''वोट चोर-गद्दी छोड़'' नारे के साथ निकाला कैंडल मार्च, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

punjabkesari.in Thursday, Aug 14, 2025 - 10:25 PM (IST)

शिमला (राक्टा): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश पर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में कांग्रेस ने वीरवार को वोट चोर-गद्दी छोड़ नारे के साथ कैंडल मार्च का आयोजन किया। इसी कड़ी में शिमला में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में शेर-ए-पंजाब नाज से लेकर ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस मौके पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग पूरी तरह जायज है। उन्होंने कहा है कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है बल्कि देश के संविधान, पारदर्शिता और लोगों के विश्वास की रक्षा का संकल्प है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज देश में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। भाजपा सरकार के खिलाफ बोलने वालों को ईडी, सीबीआई, विजिलैंस या इनकम टैक्स का डर दिखाया जाता है।

लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना ही होगा
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना ही होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट होकर देश के संविधान की रक्षा के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ रही है और इसे देश के लोगों का भी व्यापक समर्थन मिलने जा रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भाजपा ने देश के लोकतंत्र को कमजोर कर निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने कर्नाटक व महाराष्ट्र में वोट चोरी कर जनमत का अपमान किया है और अब बिहार में भी कुछ ऐसा ही खेल खेलने की तैयारी की जा रही है।

निर्वाचन आयोग नहीं दे रहा कोई भी संतोषजनक जवाब : प्रतिभा सिंह
प्रतिभा सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कर्नाटक व महाराष्ट्र में कथित तौर पर वोट चोरी के खुलासे के बाद निर्वाचन आयोग कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। आज निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर जो सवाल उठ रहे हैं, उस पर आयोग को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आयोग की विश्वसनीयता पर प्रश्न चिन्ह लग गया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन जब आयोग के कार्यालय में ज्ञापन देने जा रहा था, तो केंद्र सरकार के इशारे पर उन्हें जाने से रोका गया, उन्हें गिरफ्तार किया किया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लोकतंत्र से किसी भी प्रकार से कोई छेड़छाड़ सहन नहीं करेगी। इसके खिलाफ कांग्रेस देश में एक बड़े जन आंदोलन से भी पीछे हटने वाली नहीं। 

लोकतंत्र को कमजोर कर रही भाजपा : कुलदीप राठौर
विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोट चोरी की है। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इसे कभी सहन नहीं करेगी। कैंडल मार्च में शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, पार्षदगण, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई के पदाधिकारी व पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने भाग लिया।

22 अगस्त से 7 सितम्बर तक होंगी रैलियां
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस देशभर में 22 आगामी अगस्त से 7 सितम्बर तक वोट चोर-गद्दी छोड़ के नारे के साथ रैलियां व 15 सितम्बर से 15 अक्तूबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News