MLA अनिरुद्ध सिंह ने BJP में शामिल होने की अफवाहों का किया खंडन, जानिए क्या बोले

punjabkesari.in Wednesday, Jul 13, 2022 - 10:48 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध सिंह ने भाजपा में शामिल होने को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में चमचागिरी से पद हथियाने वाले व कुछ भाजपाई ऐसी भ्रांतियां फैला रहे हैं। अनिरुद्ध सिंह यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, विधायक रोहित ठाकुर और संजय अवस्थी को लेकर भी ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेवजह फैलाई जाने वाली इन अफवाहों का खंडन किया जाना चाहिए। ऐसा इसलिए भी किया जा सकता है ताकि कांग्रेस पार्टी को कमजोर किया जा सके। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी इस बार सत्ता में आएगी, जिससे भाजपा में बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि वह अपने बारे में फैलाई जा रही अफवाहों का पूरी तरह से खंडन करते हैं क्योंकि इसका कोई आधार नहीं है। वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने की बजाय राजनीति से संन्यास लेना बेहतर समझते हैं। 

सत्ता में आने पर 24 घंटे के भीतर लागू होगी ओपीएस
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर 24 घंटे के भीतर ओपीएस यानी पुरानी पैंशन को बहाल करेगी। जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, ऐसे में प्रदेश की जनता के पास कांग्रेस के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

सोशल मीडिया में फैलाई जा रही अफवाहें
पिछले कुछ समय से कई कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इन्हीं अफवाहों पर विराम लगाने के लिए कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध सिंह आगे आए हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News