साइबर ठगों के निशाने पर हिमाचल के VVIP! कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह का फोन हैक, नंबर से कॉल कर मांगे जा रहे पैसे
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 06:52 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में साइबर ठगों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब आम जनता के साथ-साथ वीवीआईपी भी उनके सीधे निशाने पर हैं। ताजा मामला कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह से जुड़ा है। साइबर शातिरों ने प्रतिभा सिंह का मोबाइल फोन और व्हाट्सएप हैक कर लिया है। इस गंभीर मामले को लेकर उन्होंने वीरवार को शिमला के साइबर पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई है। प्रतिभा सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में यह बात आई है कि फोन हैक करने के बाद अज्ञात ठग उनके ही नंबर का इस्तेमाल कर रहे हैं। हैकर्स उनके नंबर से लोगों और परिचितों को कॉल और मैसेज कर पैसे की मांग कर रहे हैं।
प्रतिभा सिंह की अपील- मेरे नाम से आए मैसेज को नजरअंदाज करें
इस हाई-प्रोफाइल साइबर सेंधमारी के बाद पूर्व सांसद ने प्रदेश की जनता और अपने समर्थकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी व्यक्ति को उनके नंबर से पैसे मांगने, आर्थिक मदद या लेन-देन करने का कोई कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। उन्होंने लोगों से ऐसे किसी भी संदेश को नजरअंदाज करने और किसी भी तरह का फंड ट्रांसफर न करने का आग्रह किया है।

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर किया अलर्ट
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल सरकार में लोक निर्माण मंत्री और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट सांझा करते हुए जनता को अलर्ट किया। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लिखा है कि "मेरी माता प्रतिभा सिंह जी का फोन हैक हो गया है। कोई अज्ञात व्यक्ति उनके नाम और नंबर का इस्तेमाल करके लोगों से पैसे मांग रहा है। कृपया ऐसी किसी भी कॉल या व्हाट्सएप मैसेज का जवाब न दें और भूलकर भी पैसे न भेजें।" उन्होंने आगे बताया कि इस फ्रॉड की शिकायत संबंधित साइबर सैल को कर दी गई है। साथ ही उन्होंने आम जनता से भी इन बढ़ते साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

