Shimla: कबड्डी चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों की हाेगी जांच, खेल मंत्री के आदेश पर कमेटी गठित

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 11:24 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा के आदेश पर युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने सीनियर नैशनल कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए कमेटी का गठन किया है। यह कदम प्रीत सिंह चंदेल और संजीव कुमार की लिखित शिकायत के बाद उठाया गया है, जिसमें कबड्डी संघ के पदाधिकारियों ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया था।

गठित की गई कमेटी में अतिरिक्त निदेशक, युवा सेवाएं एवं खेल (अध्यक्ष), जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी (मुख्यालय) और विभाग के वरिष्ठ कबड्डी कोच शामिल हैं। कमेटी को 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। यह कमेटी शिकायत और संबंधित आरोपों की जांच करेगी, जिसमें चयन प्रक्रिया के रिकॉर्ड और मानकों की समीक्षा की जाएगी। समिति शिकायतकर्त्ता, चयनकर्त्ताओं और अधिकारियों से बातचीत भी करेगी, ताकि निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन जांचा जा सके। उसके बाद समिति तथ्यात्मक रिपोर्ट और सिफारिशें प्रस्तुत करेगी, जिसमें जांच के निष्कर्ष और आगे की कार्रवाई के लिए सुझाव शामिल होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News