राहुल गांधी की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल हुए CM सुक्खू, बोले-"लोकतंत्र बचाने को पूरा देश एकजुट"

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 02:03 PM (IST)

नई दिल्ली/शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शिरकत की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में आयोजित इस महारैली में देशभर से इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेता और हजारों कार्यकर्ता लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था की रक्षा के संकल्प के साथ एकजुट हुए।

महारैली के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस मुख्यालय से ऐतिहासिक रामलीला मैदान तक निकाले गए मार्च में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 

महारैली में अपने विचार सांझा करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि संविधान और आम जनता के मताधिकार की रक्षा करना इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तथाकथित वोट चोरी और लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ हो रहे किसी भी खिलवाड़ के खिलाफ आज पूरा देश लामबंद है। लोकतंत्र को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब के संविधान और निष्पक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए इंडिया गठबंधन के सभी दल अपनी भागीदारी मजबूती से सुनिश्चित कर रहे हैं। रामलीला मैदान में उमड़ी भारी भीड़ इस बात का स्पष्ट संकेत है कि देश की आवाम अपने मताधिकार की सुरक्षा को लेकर जागरूक और संगठित है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News