Shimla: CM सुक्खू ने नौहराधार को दी CHC की सौगात, बोले-अस्पतालों में 31 मार्च तक उपलब्ध होगा 70% से ज्यादा स्टाफ

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 06:58 PM (IST)

शिमला (संतोष): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा सिरमौर जिले के रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नौहराधार में 6.92 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। 6 बिस्तरों वाली इस नवनिर्मित सीएचसी से क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों और 47 गांवों की लगभग 50,000 आबादी को अपने घर-द्वार के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दुर्गम व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान अस्पतालों में मात्र 35 प्रतिशत स्टाफ ही उपलब्ध था, जबकि वर्तमान राज्य सरकार 31 मार्च, 2027 तक प्रदेश के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता को 70 प्रतिशत से अधिक करने के लिए प्रयासरत है। नौहराधार सीएचसी के सुचारू संचालन के लिए 2 चिकित्सा अधिकारी और एक स्टाफ नर्स नियुक्त कर दी गई है।

ग्रामीण शिक्षा व आर्थिकी को मजबूती देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को सीबीएसई स्कूल में स्तरोन्नत करने की घोषणा की, साथ ही क्षेत्र में प्रतिदिन 5,000 लीटर क्षमता का मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने पर भी विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने नौहराधार में नई स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल और ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News