दिल्ली में कैबिनेट विस्तार पर चर्चा के बाद शिमला लौटे CM सुक्खू, अब हाईकमान पर टिकी सभी की निगाहें

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 08:09 PM (IST)

शिमला (राक्टा): नई दिल्ली में कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को वापस शिमला लौटे आए। मुख्यमंत्री दिल्ली से हवाई मार्ग होते हुए चंडीगढ़ आए, जहां से उनका काफिला सड़क मार्ग होते हुए शिमला पहुंचा। दिल्ली में मुख्यमंत्री ने बीते रोज पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ मुलाकात की थी। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल शामिल हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार भी इस दौरान मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से अलग से की मुलाकात 
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ अलग से भी मुलाकात हुई है। बैठक में संगठनात्मक मसलों के साथ कैबिनेट में शामिल किए जाने वाले नए मंत्री के नाम को लेकर चर्चा की गई। ऐसे में अब सभी की नजरें हाईकमान पर टिकी हैं। वहीं जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव सहित प्रवक्ता पद पर कुछ नियुक्तियां हो सकती हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में नई नियुक्तियों के तहत हर वर्ग और क्षेत्र को हाईकमान प्रतिनिधित्व देना चाहता है, यही कारण है कि नियुक्तियों से पहले सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार दिल्ली में हुई बैठक के दौरान संगठन और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सहमति बन चुकी है और जल्द ही हाईकमान अब अपनी मोहर लगाएगा। इसके साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी हिमाचल दौरे पर आ सकते हैं। सूत्रों के अनुसार इसी महीने सोलन में उनकी रैली हो सकती है। देखा जाए तो कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका वाड्रा का मंडी दौरा भी इस माह हो सकता है।

मंत्रियों-अधिकारियों को दिए निर्देश
वहीं चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मानसून में बारिश के चलते जहां-जहां भी नुक्सान हो रहा है, वहां-वहां का दौरा करें। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री ने आपदा के दौरान 1500 करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी, जिसका पिछले डेढ़ वर्ष से इंतजार है। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर आपदा प्रभावित काे राहत देने के लिए अपने स्तर पर प्रभावी कदम उठाए हैं।

बच्चों की शिकायत पर सीएम की त्वरित कार्रवाई
चंडीगढ़ से जब मुख्यमंत्री का काफिला शिमला के लिए आ रहा था तो कंडाघाट में सड़क किनारे खड़े 3 बच्चे उनके स्वागत को लेकर खड़े थे। ऐसे में जब मुख्यमंत्री की नजर बच्चों पर गईं तो उन्होंने अपने वाहन काे रूकवाया। इस दौरान जब मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की तो उन्होंने हाईवे पर स्थित एक ढाबे में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके पर ही डीसी सोलन को ढाबे के खाने की गुणवत्ता की जांच करने के कड़े निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाने की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और समय-समय पर सैंपल लिए जाने चाहिए।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News