Himachal: सीएम सुक्खू ने हाटू माता मंदिर में टेका माथा, निर्विरोध चुनी नारकंडा पंचायत को ₹50 लाख की घोषणा

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 03:00 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला जिले के प्रसिद्ध हाटू माता मंदिर में शीश नवाया और प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सड़क और रोपवे कनैक्टिविटी को लेकर कई बड़े ऐलान किए।

दुनिया भर में विख्यात है हिमाचल की देव संस्कृति
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध देव संस्कृति के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। प्रदेश के लोगों की अपने देवी-देवताओं में गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कई प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार पूरे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

धल्ली-नारकंडा-रामपुर फोरलेन का सर्वे पूरा
पर्यटन को सुविधाजनक बनाने और कनैक्टिविटी सुधारने के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि धल्ली-नारकंडा-रामपुर सड़क को फोरलेन हाईवे में अपग्रेड किया जा रहा है। इसका सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भूस्खलन से होने वाले नुक्सान को कम करने और यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए इस प्रोजैक्ट में टनल (सुरंग) निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।

जल्द बनेगा हाटू माता रोपवे, सड़क के लिए फंड जारी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार हाटू माता रोपवे के निर्माण के लिए सक्रियता से काम कर रही है। इस प्रोजेक्ट को नाबार्ड के तहत प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने कहा कि हालांकि इसे धरातल पर उतरने में 3 से 4 साल लग सकते हैं, लेकिन सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही, हाटू माता सड़क को बेहतर बनाने के लिए फंड भी मंजूर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि पेड़ों की कटाई न हो और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

नारकंडा पंचायत को 50 लाख की सौगात
नारकंडा पहुंचने पर नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निर्विरोध चुनी गई नारकंडा नगर पंचायत के लिए 50 लाख रुपए की विकास राशि देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नारकंडा में एक पौधा भी रोपा। इस अवसर पर विधायक कुलदीप राठौर, देहरा की विधायक एवं मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News