Himachal: सीएम सुक्खू का पलटवार, बोले-53 शहरी निकायों में 29 पर कांग्रेस का कब्जा, BJP के जीत के दावे भ्रामक

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 10:40 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नगर निगम एवं अन्य शहरी निकाय चुनावों के परिणामों को लेकर भाजपा नेताओं के दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में हुए 53 शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस ने 29 स्थानों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को 21 स्थानों पर सफलता मिली और 3 स्थानों पर बराबरी रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चम्बा में 3, कांगड़ा में 7 में से 6 शहरी निकायों में जीत दर्ज की, जबकि ऊना जिले में अंब और दौलतपुर चौक सहित 2 निकाय कांग्रेस के खाते में गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी नगर निगम के परिणामों को जयराम ठाकुर अपनी जीत बता रहे हैं, जबकि राजनीतिक सच्चाई यह है कि वहां भाजपा की सफलता के पीछे पूर्व मंत्री और उनके पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंदी अनिल शर्मा की भूमिका अधिक रही है। उन्होंने कहा कि यदि मंडी एमसी में वास्तव में जयराम ठाकुर की व्यक्तिगत जीत होती तो भाजपा सरकाघाट, नेरचौक और रिवालसर जैसे क्षेत्रों में भी जीत दर्ज करती। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू जिले में हुए 5 शहरी निकाय चुनावों में कांग्रेस ने कुल्लू, बंजार, आनी और निरमंड में जीत हासिल की, जबकि केवल मनाली में सफलता नहीं मिली।

सिरमौर में 2 स्थानों पर कांग्रेस की जीत
वहीं सिरमौर में कांग्रेस ने 2 स्थानों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को एक स्थान पर सफलता मिली। शिमला जिले में कांग्रेस 6 स्थानों पर विजयी रही, जबकि भाजपा 3 स्थानों पर जीत सकी और ठियोग में मुकाबला बराबरी पर रहा। प्रैस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोलन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के गुट ने नगर परिषद, नगर पंचायत और एमसी में जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि सोलन में कुछ सीटों से हारे हैं, जो स्वीकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चुनावों को विधानसभा चुनावों का सैमीफाइनल बताना राजनीतिक जल्दबाजी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को जीत का श्रेय लेने की प्रतिस्पर्धा छोड़कर अपने भीतर झांक कर देखना चाहिए।

2400 प्रधान‌ और 2300 उपप्रधान कांग्रेस समर्थित जीते
सीएम ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि 3575 में से 2400 पंचायतों में कांग्रेस समर्थित प्रधान और 2300 के करीब उपप्रधान जीते हैं। इसके अलावा बीडीसी और जिला परिषद चुनावों के परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में आने शुरू हो गए हैं तथा लाहौल-स्पीति सहित कई क्षेत्रों में पार्टी को बढ़त मिली है।

स्थानीय विधायक का प्रभाव अधिक रहता
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम चुनाव में स्थानीय विधायक का प्रभाव अधिक रहता है, जो देखने को भी मिला है। मंडी में अनिल शर्मा, धर्मशाला में सुधीर शर्मा तो पालमपुर में विधायक आशीष बुटेल का प्रभाव रहा। सोलन में कांग्रेस ने कुछ टिकट और दो जगह बेहद कम वोट से कांग्रेस हारी। उन्होंने कहा कि जो गलतियां रही हैं, उन्हें दूर किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News