Shimla: सीएम सुक्खू ने इस दिन बुलाई कैबिनेट मीटिंग, जानें क्या बड़े फैसले लेगी सरकार
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 07:28 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 7 मार्च को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। बैठक में ब्रेक के बाद 18 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र में लाए जाने वाले वाले संशोधनों को मंजूरी दिए जाने की संभावना है। बजट सत्र के दौरान 19 मार्च को वित्तीय वर्ष 2025-26 का अनुपूरक बजट प्रस्तुत करने के बाद इसे पारित किया जाना है, जिसे मंत्रिमंडल से स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इसी तरह विधानसभा में कई संशोधन विधेयक लाए जाएंगे, जिसे बैठक में मंजूरी प्रदान की जा सकती है। विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने एवं सृजित करने को भी मंत्रिमंडल की तरफ से मंजूरी दिए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि ब्रेक के बाद शुरू होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण धन्यवाद प्रस्ताव एवं सामान्य बजट पर चर्चा और अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। सत्र के दौरान 31 मार्च का दिन गैर-सरकारी सदस्य कार्यदिवस के लिए निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री बजट की तैयारियों में जुटे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत किए जाने वाले बजट को अंंतिम रूप देने में वित्त विभाग की टीम के साथ जुट गए हैं। इसके अलावा विभागीय स्तर पर भी बैठकों का दौर जारी है। प्रतिकूल वित्तीय हालात में मुख्यमंत्री के बजट में जहां हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प नजर आएगा, वहीं कुछ नई योजनाओं की शुरूआत भी की जा सकती है। हालांकि राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने से सरकार को बजट तैयार करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नेरचौक में रोबोटिक सर्जरी फैकल्टी की शुरूआत करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को मंडी जिले के लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक में रोबोटिक सर्जरी फैकल्टी की शुरूआत करेंगे। वह फैकल्टी मैंबर से भी रू-ब-रू होंगे। इसके बाद उनका दियारगी जाने का कार्यक्रम है, जहां पर वह कई योजनाओं का उद्घाटन करने के साथ आधारशिला रखेंगे। इसके बाद वह स्थानीय जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

