Mandi: सीएम सुक्खू बोले-हमने व्यवस्था परिवर्तन से 2027 तक आत्मनिर्भर हिमाचल की रखी नींव

punjabkesari.in Thursday, Oct 17, 2024 - 06:00 PM (IST)

जोगिंद्रनगर (अमिता): हम प्रदेश में सत्ता सुख के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं और 2027 तक व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल की नींव हमने रखी है। ये बात वीरवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू ने रामलीला मैदान जोगिंद्रनगर में जनसभा करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आते ही उन्होंने अनाथ बच्चों के लिए सुख-आश्रय योजना चलाई, जिसमें कोई भी बच्चा अगर अनाथ हो जाता है तो 0-27 वर्ष तक सरकार उसका पूर्ण ध्यान रखेगी और पूरा खर्चा वहन करेगी।

मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस प्रदेश को लुटाया है और राजनीतिक रोटियां सेंकते हुए मुफ्त रेवड़ियां बांटी हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर के दिल में जनता के लिए दर्द है और काम करने का जज्बा है। उन्होंने कहा कि हमारी नीतियों से हिमाचल अपने पांव पर खड़ा होने की स्थिति में पहुंच रहा है और भविष्य किस ओर जाएगा यह कर्म में छिपा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई वर्षों से जोगिंद्रनगर की महत्वपूर्ण ऊहल तृतीय चरण परियोजना का कार्य धीमी गति से चल रहा था परंतु हमारी सरकार ने इसे गति प्रदान की और अब नवम्बर माह में इसके डैम का कार्य पूर्ण होगा और विद्युत उत्पादन शुरू होगा। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे पंजाब विद्युत बोर्ड के शानन प्रोजैक्ट को लेकर कहा कि हम इसकी लड़ाई लड़ रहे हैं, ये हमारा प्रोजैक्ट है और इसे हम लेकर रहेंगे, बहरहाल यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के साथ द्रंग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण भूभू जोत के प्रोजैक्ट को हमने केंद्र के समक्ष रखा है और इसका कार्य शीघ्र शुरू होगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News