हिमाचल मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सीएम सुक्खू ने कही ये बड़ी बात
punjabkesari.in Friday, Dec 08, 2023 - 07:31 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जल्द ही निर्णय ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार इसी साल कर दिया जाएगा। सीएम शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में बोल रहे थे। एक साल के कार्यकाल को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि सरकार ने 365 दिनों में 365 फैसले लिए हैं। इस संदर्भ में जनता को पूरी जानकारियां उपलब्ध करवाई जाएंगी और उनसे संवाद भी किया जाएगा। सीएम ने एक अन्य सवाल के जवाब में सत्ता-संगठन में तालमेल की कमी होने की बातों को दरकिनार किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में 11 दिसम्बर को आयोजित किए जा रहे समारोह में पार्टी के कई केंद्रीय नेता भी शिरकत करेंगे। सीएम सुक्खू ने कहा कि समारोह को सफल बनाने के लिए सत्ता-संगठन मिलकर काम कर रहा है
10 में से 3 गारंटियां पूरी
सीएम ने कहा कि सरकार अपनी 10 में से 3 गारंटियां पूरी कर चुकी है। पहली कैबिनेट में ओपीएस को बहाल किया गया। 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना शुरू हो चुकी है। इसी तरह वायदे के अनुरूप सभी सरकारी स्कूलों में आगामी सत्र से अंग्रेजी अनिवार्य होगी। सरकार 5 साल के लिए आई है और सभी गांरटियां चरणबद्ध तरीके से पूरी होंगी।
शनिवार को लौटेंगे शिमला, हाईकमान के साथ चर्चा
सीएम शनिवार को दिल्ली से वापस शिमला लौट आएंगे। वह बीते दिन रेवंत रेड्डी और मंत्रिमंडल के शपथ समारोह में भाग लेने हैदराबाद गए थे। सूचना के अनुसार सीएम की मंत्रिमंडल विस्तार पर भी शुक्रवार को एक बार फिर हाईकमान के साथ चर्चा हुई, साथ ही उन्होंने केंद्रीय नेताओं को प्रदेश सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित होने वाले समारोह का न्यौता भी दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका वाड्रा से भी उन्होंने मुलाकात की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here