मोदी-शाह से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे सीएम सुखविंदर सिंह
punjabkesari.in Wednesday, Aug 02, 2023 - 11:58 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह बुधवार को चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे। उन्होंने दिल्ली पहुंचने पर इंडिया एक्सपो सैंटर और ग्रेटर नोएडा मार्ट की तरफ से आयोजित इंडिया इंटरनैशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2023 में भाग लिया। प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद प्रदेश को बरसात के कारण आई आपदा से निपटने के लिए उदार वित्तीय मदद मिल सकती है। मुख्यमंत्री प्रदेश में बरसात से हुए नुक्सान को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग भी करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं विशेषकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा कर सकते हैं। इसके तहत मंत्रिमंडल में खाली पड़े 3 पदों को भरने एवं निगम-बोर्ड में नियुक्तियों से संबंधित विषय भी चर्चा के लिए आ सकता है। कांग्रेस सरकार में लोकसभा चुनाव से पहले मंत्रियों के 3 पदों को भरे जाने की संभावना है। ऐसे में जब भी मुख्यमंत्री दिल्ली दौरे पर जाते हैं, तो मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़ा विषय फिर से सुॢखयों में आ जाता है।
विधानसभा में परमार जयंती पर कार्यक्रम कल
हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. यशवंत सिंह परमार की 117वीं जयंती के अवसर पर 4 अगस्त को विधानसभा परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। हालांकि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बतौर मुख्यातिथि आमंत्रित किया गया है, लेकिन दिल्ली दौरे के चलते उनके 4 अगस्त को शिमला पहुंचने की संभावना कम है। ऐसे में उनकी गैर-मौजूदगी में ही इस कार्यक्रम के होने की संभावना है। कार्यक्रम में हिमाचल निर्माता के चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा पुस्तकालय भवन में उनके चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों एवं पूर्व विधायकों के अलावा डाॅ. परमार के परिजनों को भी इस कार्यक्रम में भाग लेने का न्यौता दिया गया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here