मनोहर हत्याकांड को लेकर CM सुखविंदर सिंह ने BJP पर साधा निशाना, जानिए क्या बोले

punjabkesari.in Saturday, Jun 17, 2023 - 07:35 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से चम्बा जिले के भांदल गांव में हुए मनोहर हत्याकांड के आरोपियों के मकान जलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह देश में पहला मामला है, जहां आरोपी जेल में है पर विपक्षी भाजपा प्रदर्शन कर रही है। सुखविंदर सिंह यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर हत्यारे व उसके परिवार के सदस्यों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा। इतना ही नहीं, इस मामले में आरोपी के परिवार की बेटियों तक को गिरफ्तार किया गया है और सरकार अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं। 

भाजपा को वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ना है, इसलिए हो रही राजनीति
सुखविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा को वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ना है, इसलिए राजनीति हो रही है। यह हिमाचल की जनता तय करेगी कि लोकसभा चुनाव में किसके पक्ष में जनादेश आएगा, ऐसे में बेहतर होता कि भाजपा हिमाचल प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई लड़ती। राज्य के अधिकारों की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी भी उसका साथ देती। उन्होंने कहा कि भाजपा को वाटर सैस लगाने एवं पावर प्रोजैक्ट रॉयल्टी के मुद्दे पर सरकार का साथ देना चाहिए। 

पुलिस ने भाजपा नेताओं को जाने से नहीं रोका
सुखविंदर सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल को पुलिस ने पीड़ित परिवार से मिलने से नहीं रोका। पुलिस की तरफ से यह कहा गया कि जब धारा-144 लगी है तो 5 से 10 लोग जा सकते हैं, ऐसे में 200 या 250 लोगों को एक साथ जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। 

भाजपा के लिए सचिवालय के दरवाजे खुले
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा यदि सरकार से बात करना चाहती है, तो उसके लिए सचिवालय के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास यही है कि हर तरफ शांति हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

जयराम के एक फोन पर हो सकती है एनआईए-सीबीआई जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एनआईए या सीबीआई किसी भी तरह की जांच को तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रही है क्योंकि केंद्र में भाजपा की सरकार होने के कारण जयराम ठाकुर एक फोन करके एनआईए व सीबीआई की जांच करवा सकते हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News