श्रीनगर पहुंचे CM सुक्खू, सेब पर इम्पोर्ट ड्यूटी घटाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अब्दुल्ला से करेंगे चर्चा

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 04:22 PM (IST)

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू विदेशी सेब पर आयात शुल्क में भारी कटौती के मुद्दे पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से महत्वपूर्ण बातचीत करने के लिए गुरुवार को श्रीनगर पहुंचे। मुख्यमंत्री सुक्खू की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब हिमाचल प्रदेश की 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की सेब अर्थव्यवस्था पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यहां करीब 2.5 लाख से अधिक परिवार सेब के कामकाज से जुड़े हुए हैं।

हाल ही में केंद्र सरकार के न्यूजीलैंड, यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के कारण आयातित सेब पर सीमा शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर अमेरिका और न्यूजीलैंड के लिए 25 प्रतिशत और यूरोपीय देशों के लिए 20 प्रतिशत कर दिया गया है। केंद्र सरकार के इस फैसले से पहाड़ी राज्यों के सेब किसानों में घबराहट फैल गयी है। इन किसानों को डर है कि सस्ता विदेशी सेब भारतीय बाजारों में भर जाएगा, जिससे हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के सेब की पैदावार वाले क्षेत्रों में संकट और गहरा जाएगा।

इन मुद्दों पर करेंगे चर्चा 

अधिकारियों के अनुसार, सुक्खू और अब्दुल्ला इस मुद्दे को संयुक्त रूप से केंद्र के समक्ष उठाने और सेब किसानों के संरक्षण की मांग पर विचार-विमर्श करेंगे। दोनों नेताओं के बीच राजस्व घाटा अनुदान को बंद करने और पहाड़ी राज्यों के लिए विशेष वित्तीय सहायता की आवश्यकता पर भी चर्चा होने की संभावना है। गौरतलब है कि हिमाचल में सेब की पैदावार 7-8 टन प्रति हेक्टेयर है, जबकि न्यूजीलैंड में यह 60-70 टन है। यह किसानों के लिए एक बड़ी चुनौती है। सेब की पैदावार की लागत लगभग 27 रुपये प्रति किलोग्राम है। इस लागत को देखते हुए आदर्श रूप में किसानों को बाजार में कम से कम 50-60 रुपये प्रति किलोग्राम का भाव मिलना अनिवार्य है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News