Shimla: दिल्ली में मुख्यमंत्री सुक्खू ने राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से की मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज

punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 06:36 PM (IST)

शिमला (राक्टा): दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश सरकार के कामकाज, नीतिगत निर्णयों और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को हिमाचल प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं, वित्तीय स्थिति, कल्याणकारी कार्यक्रमों तथा प्रशासनिक सुधारों की प्रगति से अवगत करवाया।

बैठक में राज्य सरकार द्वारा जनहित में उठाए गए कदमों और भविष्य की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीति तथा केंद्र और राज्य से जुड़े समसामयिक मसलों पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए गए वायदों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हिमाचल सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे से प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। इसके तहत रिक्त पड़े मंत्री के एक पद को भरा जा सकता है। इसके साथ ही निगम और बोर्ड में भी कुछ नियुक्तियां हो सकती हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष का चयन भी आगामी बजट सत्र में हो सकता है। इसी तरह मुख्य सचेतक पद को भरने का भी निर्णय लिया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News