Kangra : CM सुक्खू ने की बड़ी घोषणा- सुलह की महिलाओं को मिलेंगे 1500-1500 रुपए
punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 06:13 PM (IST)
Indira Gandhi Sukh Samman Nidhi Yojana: हिमाचल प्रदेश सरकार ने इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि योजना के दायरे को बढ़ाने की दिशा में एक और कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने मनाली के बाद अब कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने की घोषणा की है। इस घोषणा से लंबे समय से योजना के लाभ का इंतजार कर रही महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
अब तक केवल 35 हजार महिलाओं को मिला लाभ
गुरुवार को सुलह विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन महिलाओं की वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम है, उन्हें इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि योजना के तहत ₹1500-1500 रुपये प्रदान किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि योजना शुरू हुए करीब तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक केवल लगभग 35 हजार महिलाओं को ही इसका एक बार लाभ मिल पाया है। सुलह में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सुलह विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड का एक नया डिवीजन खोलने और भवारना को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार सरकारी क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अग्निवीर योजना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इसके शुरू होने के बाद से युवाओं का सेना से मोहभंग हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा प्रदेश में 800 पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। इसमें 58 वर्ष तक नौकरी और ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

