भ्रष्टाचार व घोटालों को ही काम मानती है कांग्रेस : जयराम

punjabkesari.in Friday, Oct 22, 2021 - 09:33 PM (IST)

रामपुर बुशहर (नोगल): कांग्रेस के नेता 70 साल से अधिक उम्र के लाखों लोगों के लिए पैंशन के प्रावधान, घर-घर चूल्हा देने और हिमकेयर योजना के तहत हुए लाखों लोगों के मुफ्त इलाज को काम नहीं मानते। कांग्रेस के लिए लाखों करोड़ के घोटाले ही काम हैं। यह बात मुख्यमंत्री ने रामपुर में एक जनसभा में कही। शुक्रवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के रामपुर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यहां पर मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट से भाजपा ने पूर्व फौजी को टिकट दिया है, कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही। कांग्रेस के नेता कारगिल जैसे युद्ध को भी छोटा मानते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि सेना के जवानों का राजनीति में क्या काम। मुझे लगता है कि आज की राजनीति में ईमानदारी व निष्ठा से काम करने वालों की जरूरत है।

महंगाई, बेरोजगारी कांग्रेस की देन

सीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि जो भी विकास हुआ है ये उन लोगों की देन है तो कांग्रेस के नेताओं को यह भी स्वीकार करना चाहिए कि ये महंगाई किसकी देन है। आज प्रदेश में हमारी सरकार को बने हुए 3 साल से ज्यादा का वक्त हुआ है। कांग्रेसी कहते हैं कि बेरोजगारी और महंगाई बहुत बढ़ गई है। इतने साल तक वो लोग सत्ता में रहे, उन्होंने बेरोजगारी और महंगाई को लेकर क्या किया।

करोड़ों के घोटाले ही कांग्रेस के लिए काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि हिमाचल में सरकार ने कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि 4 लाख से ज्यादा 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए पैंशन का प्रावधान किया, घर-घर गैस चूल्हा पहुंचाया। हिमकेयर योजना के तहत लाखों लोगों का मुफ्त इलाज हुआ। कांग्रेस के लोग इसको काम नहीं मानते। कांग्रेस के लोग तो एक लाख 76 हजार करोड़, एक लाख 86 हजार करोड़ के घोटालों को ही काम मानते हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News