हमारी नाटी देखने की आदत डाल ले कांग्रेस, अभी और देखनी पड़ेगी : जयराम

punjabkesari.in Sunday, Oct 10, 2021 - 12:06 AM (IST)

आनी/रिकांगपिओ (ब्यूरो): हमारी संस्कृति में लोग इकट्ठा होते हैं। कार्यक्रम होता है तो भीड़ भी हो जाती है और नाटी का फेरा भी हो जाता है। कोरोना की वजह से तो 2 साल से नाटी तो खत्म सी हो गई है। कांग्रेस भी यह कहती थी कि ये तो नाटी वाले सीएम हैं लेकिन मैं किसी की परवाह नहीं करता। जब नाटी का अवसर होता है तो हम नाचते हैं। अगर आपको नाचना है तो आ जाओ, नहीं तो देखते रहो। ये नाटी अभी 5 साल और देखनी पड़ेगी। ये बातें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू जिले के आनी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं।

आप लोगों की परिस्थितियों से अच्छी तरह से वाकिफ हूं

इससे पहले सांगला में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैं किन्नौर आ रहा था तो चुनाव की घोषणा हो गई और आचार संहिता लग गई। रास्ते से ही वापस जाना पड़ा, मन बड़ा दुखी हुआ। किन्नौर में इतनी देरी से आने का एक कारण कोरोना भी बना। हम देवी-देवताओं से प्रार्थना करते हैं कि कोरोना का यहह दौर जल्द खत्म हो जाए और हम लोगों का आपसे मिलना-जुलना सामान्य हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पहाड़ पर जिंदगी उतरने-चढ़ने में गुजर जाती है, आप लोग वहां अपना जीवन जीते हैं। मैं भी आप लोगों की परिस्थितियों से अच्छी तरह से वाकिफ हूं। मेरा क्षेत्र भी इसी प्रकार का है।

किन्नौर का परिधान किसी फूलैच से कम नहीं

जयराम ठाकुर ने कहा कि आपके यहां फूलैच (उख्यांग) उत्सव भी चल रहा है। किन्नौर के लोग जब सभा में किन्नौर का परिधान पहन कर आते हैं तो वो भी किसी फूलैच से कम नहीं होता। किन्नौर वालों की पहचान ही अलग है। पूर्व सांसद स्व. रामस्वरूप शर्मा को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पिछले कुछ समय में कई वरिष्ठ नेता खोए।

किन्नौर के विधायक का शब्दों पर संयम नहीं

जयराम ठाकुर ने सांगला में कहा कि आपके विधायक के बारे में मैं ज्यादा कुछ कहना नहीं चाहता। कई बार उनके शब्दों पर संयम नहीं रहता। यह देवभूमि की संस्कृति नहीं हो सकती। चाहे वो विधानसभा की बात हो या बाहर की बात हो, वो हमेशा इसी तरह की बात करते हैं।

2024 में मोदी होंगे और 2022 में आपका सिराजी

मुख्यमंत्री ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि 2022 भी भाजपा का होगा, 2024 भी भाजपा का होगा। 2024 में नरेंद्र मोदी होंगे और 2022 में यहां आपका सिराजी होगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News