CM जयराम ने की घोषणा, 20 से बढ़कर 50 लाख हुई खेल अनुदान राशि

punjabkesari.in Saturday, Sep 21, 2019 - 08:29 PM (IST)

जंजैहली/गोहर (पुरुषोत्तम): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली में राज्य स्तरीय लड़कियों की अंडर-19 खेलों का शुभारंभ अवसर पर स्कूल स्तर पर खेलों के आयोजन के लिए खेल अनुदान राशि को 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए तथा खिलाडिय़ों की भोजन राशि को 60 रुपए प्रतिदिन से बढ़ाकर 100 रुपए प्रतिदिन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि लड़कियां खेल क्षेत्र में कड़ी मेहनत कर स्कूल तथा राज्य स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लड़कियों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं तथा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में भी अनेक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने 500 मेधावी छात्राओं को प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने के लिए हर छात्रा को एक लाख रुपए देने के लिए ‘मेधा प्रोत्साहन योजना’ शुरू की है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए राज्य में बहुत कुछ करने की जरूरत है।
PunjabKesari, CM Jairam Thakur Image

जंजैहली में संयुक्त कार्यालय भवन का होगा निर्माण

उन्होंने कहा कि सिराज के लोगों ने विधानसभा व लोकसभा चुनावों के दौरान उनका पूरी तरह से साथ दिया था। जंजैहली क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंजैहली में विज्ञान खंड का निर्माण करने के लिए 1.50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने पाठशाला की चारदिवारी के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जंजैहली में संयुक्त कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा जिससे जंजैहली के सभी कार्यालय एक छत के नीचे कार्य कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों व पर्यटकों की सुविधा के लिए जंजैहली में टैक्सी स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसरों और स्कूलों के लिए 20 सोलर लाइट्स उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि जंजैहली में इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रयास किए जाएंगे।
PunjabKesari, Award Distribute Image

बाखली खड्ड पर 2.21 करोड़ रुपए से बनने वाले पुल का किया शिलान्यास

उन्होंने शिकारी माता उत्कृष्ट माता योजना के तहत क्षेत्र के उत्कृष्ट विद्यालय के विजेतओं को पुरस्कार भी वितरित किए तथा गृहिणी सुविधा योजना के लाभार्थियों को नि:शुल्क गैस कनैक्शन भी बांटे। बाद में उन्होंने बाखली खड्ड पर 2.21 करोड़ रुपए से बनने वाले वाहन योग्य पुल का शिलान्यास भी किया। सहायक निदेशक शिक्षा पीएस धौलटा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और खेलों के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि लगभग 693 लड़कियां खेलों में हिस्सा ले रही है। मुख्यमंत्री के इस दौरे में बारिश के कारण भी काफी खलल डाला। इस मौके पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर, मंडल भाजपा अध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर, डीसी ऋग्वेद ठाकुर, एसपी मंडी गुरदेव शर्मा सहित अन्य अधिकारी और भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
PunjabKesari, Ultrasound Machine Inauguration Image

सिविल अस्पताल जंजैहली में किया अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को अपने सराज दौरे के दौरान सिविल अस्पताल जंजैहली में 18 लाख रुपए की लागत से अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया। वर्धमान ग्रुप की कारपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी स्कीम के अंतर्गत डोनेट की गई इस मशीन से दुर्गम क्षेत्र जंजैहली की हजारों की आबादी को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 100 किलोमीटर दूर मंडी या सुंदरनगर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग इस अत्याधुनिक मशीन की सुविधा का लाभ लें। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. जीवानंद और बीएमओ जंजैहली डॉ. दूनी चंद समेत अनेक अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News