सीएम ने धर्मशाला में की भाजपा मंडलों के साथ बैठक, नेता व कार्यकर्ताओं को दिया सियासी मंत्र

punjabkesari.in Thursday, Feb 03, 2022 - 11:48 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): प्रदेश में हुए उपचुनावों में मिली हार के बाद 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को दोबारा सत्ता में लाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संगठन और सरकार के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए कसरत शुरू कर दी है। वीरवार को धर्मशाला पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सर्किट हाऊस में मंडल मिलन कार्यक्रम के तहत इंदौरा, भटियात और शाहपुर के भाजपा मंडलों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विकास के साथ-साथ व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाकर जनता में पकड़ बनाने पर जोर देने का नेताओं व कार्यकर्ताओं को सियासी मंत्र दिया है। बैठकों में मुख्यमंत्री ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिशन रिपीट को लेकर कमर कसने के साथ-साथ विधानसभा में महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी ली जो आने वाले समय में किए जा सकें तथा उनके साथ सत्ता में वापसी के लिए कई नए फार्मूले सुझाए। 

विकास के बूते जीत पक्की न समझें नेता व कार्यकर्ता 

उपचुनाव में विकास के बूते चुनाव लड़ने उतरी भाजपा अब 2022 में पुरानी गलतियों को दोहराना नहीं चाहती है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पार्टी व सरकार की योजना में पुराने फार्मूले से हटकर अब नए कार्यकर्ता जोड़ने और पुरानों को अधिमान देने का संदेश सभी नेताओं व पदाधिकारियों को दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मात्र यह समझकर नेता व कार्यकर्ता जीत पक्की न समझें कि विकास के बूते चुनाव जीत जाएंगे। इसके लिए विकास कार्यों पर जनता के बीच चर्चा भी करनी होगी। मुख्यमंत्री ने माना कि बैठकों में मंडलों की ओर से अच्छे सुझाव सामने आए हैं। विधानसभा चुनावों को लेकर भी गहन चर्चा पदाधिकारियों के साथ हुई है। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी, विधायक भटियात बिक्रम जरियाल, प्रदेश भाजपा महासचिव त्रिलोक कपूर और त्रिलोक जम्वाल, तीनों मंडलों के मंडल अध्यक्ष सहित अन्य लोग मौजूद थे। इंदौरा मंडल की इस बैठक में इंदौरा की विधायक रीता धीमान मौजूद नहीं रही। 

रूठों कार्यकर्ताओं को भी मनाने को कहा

मुख्यमंत्री द्वारा मिशन रिपीट करने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलजुल कर काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि जो भी कार्यकर्ता पार्टी से रूठे हैं, उन्हें भी मनाने की पुरजोर कोशिश मंडल करें। अनुशासन के साथ नए व पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाए और आपसी मतभेद भुलाकर अपनी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया जाए। 

मंडलों से ली विधायकों की फीडबैक

मंडल मिलन कार्यक्रम में पहुंचे मंडल के पदाधिकारियों से मुख्यमंत्री ने पहले तो स्थानीय विधायकों के कामकाज को लेकर मंडल पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से फीडबैक ली। उसके बाद उनके क्षेत्रों में होने वाले महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर बातचीत की, उन्हें आश्वासन दिया कि अगले 4 व 5 महीनों में काम हो जाएंगे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News