हिमाचल भाजपा में AAP का खौफ, दिल्ली की नकल कर लोगों को गुमराह कर रहे CM जयराम : केजरीवाल

punjabkesari.in Friday, Apr 15, 2022 - 06:57 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा प्रदेश की जनता के लिए 125 यूनिट फ्री बिजली और ग्रामीण क्षेत्रों में मुफ्त पानी देने का वायदा किया है। इसके अलावा महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने का ऐलान किया है। इन घोषणाओं के बाद भाजपा आम आदमी पार्टी के निशाने पर है। सीएम जयराम द्वारा की गईं घोषणाओं पर अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि दिल्ली की नकल करके आज हिमाचल की भाजपा सरकार ने ये घोषणाएं की हैं। भाजपा ये ऐलान सभी भाजपा शासित राज्यों में करे। नहीं तो लोग मानेंगे कि 'आप' के खौफ से चुनाव के पहले ये फर्जी घोषणाएं की हैं, चुनाव के बाद ये इन घोषणाओं को वापस ले लेंगे।

भाजपा शासित राज्यों में बिजली-पानी महंगा

आप नेताओं ने पूरे प्रदेश में सीएम को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल गवर्नेंस मॉडल की देशभर में तारीफ हो रही है लेकिन भाजपा 18 राज्यों में शासन कर रही है वहां की जनता को महंगी बिजली-पानी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अगले 3-4 महीनों में चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में वहां की जनता के साथ धोखा और छलावा करने के लिए इस तरह की घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि क्या यह घोषणाएं चुनावी घोषणाएं हैं जो सिर्फ चुनाव जीतने के लिए की गई हैं। 

आप के हिमाचल में दस्तक देते ही बैचैन हुई भाजपा

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के हिमाचल में दस्तक देते ही भाजपा कितनी बैचैन और डर गई है, इसका नतीजा आज देखने को मिल रहा है। हिमाचल के मंडी में आम आदमी पार्टी ने अभी सिर्फ एक ही रोड शो किया है लेकिन आने वाले दिनों में अभी और भी जनसभाएं होंगी, जिसका खौफ भाजपा में दिखाई दे रहा है। जिस तरह से दिल्ली और पंजाब में स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी और महिलाओं के साथ बेरोजगारों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं उसी तरह से हिमाचल में भी आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर दी जाएंगी क्योंकि केजरीवाल के गुड़ गवर्नेंस मॉडल की देशभर में चर्चा हो रही है। अब हिमाचल में भी केजरीवाल मॉडल आने वाला है। इस विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। 

...तो भाजपा ने साढ़े 4 वर्ष पहले क्यों नहीं किया

उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की है कि भाजपा के झांसे में न आएं। अगर जयराम सरकार प्रदेश की जनता के लिए सच में कुछ करना चाहती थी तो साढ़े 4 वर्ष पहले क्यों नहीं किया। राजधानी शिमला के नगर निगम पर भी भाजपा का कब्जा है लेकिन शिमला शहर की जनता को देशभर में सबसे महंगा पानी और बिजली दी जा रही है। शिमला शहर के लोग पानी के भार-भरकम बिलों से परेशान हैं। भाजपा देश के 18 राज्यों में सरकार चला रही है लेकिन वहां सबसे महंगा पानी और बिजली दी जा रही है। इसलिए प्रदेश की जनता समझदारी से आने वाले चुनाव में मतदान कर आम आदमी पार्टी की सरकार बनाए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News