Sirmour: पांवटा साहिब में जमीन विवाद को लेकर 2 गुटों में झड़प, प्रशासन अलर्ट
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 06:03 PM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल) : उपमंडल पांवटा साहिब के संतोषगढ़ क्षेत्र में कथित जमीन विवाद को लेकर 2 गुटों के बीच झड़प होने का मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और क्षेत्र के हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस विवाद में करीब 242 पक्षकार शामिल हैं, जिसके चलते प्रशासन द्वारा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। इसी बीच विवाद बढ़ने पर दोनों गुट आमने-सामने आ गए और झड़प की स्थिति पैदा हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पांवटा साहिब के एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि विवाद के समाधान के लिए दोनों पक्षों के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि आपसी सहमति और कानून सम्मत तरीके से मामले का शीघ्र समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से तहसीलदार पांवटा साहिब को भी मामले के सभी कानूनी पहलुओं का अध्ययन कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि विवाद का निष्पक्ष और स्थायी समाधान निकाला जा सके। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों और दोनों पक्षों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मामले का समाधान पूरी निष्पक्षता और कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

