सीटू कार्यकर्ता श्रम कल्याण बोर्ड के बाहर बैठे धरने पर, बोले करना होगा स्टाफ भर्ती
punjabkesari.in Monday, Oct 25, 2021 - 04:09 PM (IST)

हमीरपुर : श्रम कल्याण बोर्ड में चल रही स्टाफ की कमी तथा लाभार्थियों के लाभ जारी न करने पर सीटू ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। बोर्ड कार्यालय के बाहर बैठकर सीटू कार्यकर्ताओं ने आवाज बुलंद करते हुए कहा कि मांगो को सरकार जल्द पूरा करे। इस दौरान कई कामगार इस धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। धरना प्रदर्शन सुबह 11 बजे से लेकर एक बजे तक किया गया। सीटू कार्यकर्ताओं का कहना है कि जो लोग श्रम कल्याण बोर्ड से पंजीकृत हैं, उनके बच्चों के शिक्षा वजीफे 2020 के नहीं मिले हैं। इसके साथ ही जो सामान पंजीकृत मजदूरों को श्रम कल्याण बोर्ड की तरफ से मिलता है, वे भी नहीं मिल पाया है।
सीटू के राष्ट्रीय सचिव कश्मीर सिंह ने कहा कि कोरोना पीरियड का जो छह हजार रुपए मजदूरों के बैंक खाते में आना चाहिए था, नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इस तरह से बोर्ड में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। उन्होंने बताया कि ऐसा पता चला कि चेहेतों का लाभ दिया जा रहा है। जो चेहेतें है उनका फार्म पहले शिमला पहुंचा जाता है, जबकि अन्य के फार्म कार्यालय में ही पड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि 1500 के करीब आवेदन जिला कार्यालय में ही पड़े हुए हैं। ऐसे में कब यह शिमला पहुंचेंगे तथा कब जाकर वजीफा मिलेगा। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए बोर्ड के चेयरमैन से भी मुलाकात की जा चुकी है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस रवैये से आज मजदूर खासा परेशान है। उन्होंने कहा कि हर रोज 11 बजे से लेकर 1ः30 बजे तक प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखा जाएगा। इसके बावूजद भी अगर सरकार नहीं मानी तो दो नवंबर को शिमला में श्रमिक कल्याण बोर्ड का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिन हजारों मजदूर शिमला जाएंगे तथा सो रही सरकार को जगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाषणों से पेट नहीं भरता, लोगों को उनका लाभ मिलना चाहिए। पहले काफी सामान मिलता था, जो आज नहीं मिल रहा है।