Una News: मां चिंतपूर्णी के दरबार में ई-कार्ट सेवा हुई बंद, मंदिर न्यास ने शुरू की ये नई फ्री सुविधा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 04:14 PM (IST)

चिंतपूर्णी/ऊना: विश्व विख्यात शक्तिपीठ माता श्री छिन्नमस्तिका धाम चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट है। सुगम दर्शन पास धारकों, बुजुर्गों और दिव्यांगों को मंदिर तक पहुंचाने के लिए चलाई जा रही ई-कार्ट (गोल्फ कार्ट) सेवा को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। हालांकि, श्रद्धालुओं को घबराने की जरूरत नहीं है। मंदिर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है और नि:शुल्क टैक्सी सेवा शुरू कर दी है।

मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि ई-कार्ट सेवा प्रदान करने वाले ऑप्रेटरों का 3 वर्ष का टैंडर कार्यकाल पूरा हो चुका था। इसके बाद प्रशासन ने उनसे सेवा जारी रखने को कहा, लेकिन ऑप्रेटरों ने लिखित रूप में आगे सेवाएं देने में अपनी असमर्थता जता दी। इसी कारण गोल्फ कार्ट सेवा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है। यह सेवा विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं के लिए थी जो सुगम दर्शन पास बनवाकर माई दास सदन से मंदिर तक जाते थे। ई-कार्ट बंद होने से श्रद्धालुओं को पैदल न चलना पड़े, इसके लिए प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला। प्रशासन ने अपने स्तर पर व्यवस्था करते हुए माई दास सदन से मुख्य मंदिर तक 3 टैक्सियां तैनात कर दी हैं। सबसे खास बात यह है कि यह टैक्सी सेवा श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी। इसका सारा खर्च स्वयं मंदिर प्रशासन वहन करेगा।

ई-कार्ट सेवा के लिए 5 से 7 दिनों में होंगे नए टैंडर : एसडीएम
इस मुद्दे पर एसडीएम पारस अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नई ई-कार्ट सेवा शुरू करने के लिए टैंडर प्रक्रिया की सभी कागजी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी 5 से 7 दिनों के भीतर नए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे, जिसके बाद मंदिर में ई-कार्ट सेवा फिर से सुचारू रूप से दौड़ने लगेगी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जब तक गोल्फ कार्ट सेवा दोबारा शुरू नहीं होती, तब तक बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह नि:शुल्क टैक्सी सेवा लगातार जारी रहेगी, ताकि माता के दरबार में आने वाले किसी भी भक्त को कोई असुविधा न हो।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News