प्रशासन की चेतावनी बेअसर! उफनती मारकंडा नदी में जान जोखिम में डालकर नहा रहे बच्चे, हो सकता है बड़ा हादसा

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 06:47 PM (IST)

कालाअम्ब: हिमाचल प्रदेश में बरसात के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार लोगों से नदी-नालों और खड्डों से दूर रहने की अपील कर रहा है, लेकिन प्रशासन की इन चेतावनियों का लोगों पर कोई खास असर होता नहीं दिख रहा है। लोग अपनी लापरवाही से बाज नहीं आ रहे हैं और खुद मौत को दावत दे रहे हैं। ताजा मामला औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब का है, जहां नौनिहाल अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी में नहाते नजर आ रहे हैं।

थाने के पास ही चल रहा लापरवाही का खेल
हैरानी की बात यह है कि यह लापरवाही कालाअम्ब पुलिस थाना से कुछ ही दूरी पर बहने वाली मारकंडा नदी में देखने को मिल रही है। शनिवार को यहां हैरान करने वाला नजारा दिखा, जब कई बच्चे मारकंडा नदी के तेज बहाव के बीच न केवल नहा रहे थे, बल्कि एक ऊंची पहाड़ी से सीधे नदी में छलांग भी लगा रहे थे। बच्चों का यह स्टंट किसी भी पल एक बड़े और जानलेवा हादसे में तब्दील हो सकता था।

PunjabKesari

अचानक बढ़ता है मारकंडा का जलस्तर, पलभर में आ सकती है आफत
स्थानीय लोगों ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में मारकंडा नदी का कोई भरोसा नहीं होता। जब पहाड़ी क्षेत्रों (ऊपरी इलाकों) में भारी बारिश होती है, तो वहां का पानी कुछ ही समय में तेजी से नदी तक पहुंच जाता है, जिससे मारकंडा का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है और तेज बहाव की स्थिति बन जाती है। ऐसे मौसम में नदी के पानी में उतरना या ऊंची जगह से छलांग लगाना सीधे-सीधे मौत को गले लगाने जैसा है।

PunjabKesari

अपने बच्चों पर कड़ी निगरानी रखें अभिभावक
जिला प्रशासन मानसून की शुरूआत से ही एडवाइजरी जारी कर चुका है कि कोई भी व्यक्ति, पर्यटक या बच्चे नदी-नालों के पास न जाएं। इसके बावजूद हो रही इस तरह की अनदेखी किसी भी समय एक बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय जागरूक नागरिकों ने अभिभावकों से विशेष अपील की कि माता-पिता अपने बच्चों पर कड़ी निगरानी रखें और उन्हें बरसात के दौरान नदी-नालों या खड्डों की तरफ जाने से रोकें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी या अप्रिय घटना से बचा जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News