कुदरत का कहर : कैला के पास फिर दरकी पहाड़ी, चम्बा-सलूणी मार्ग यातायात के लिए बंद

punjabkesari.in Friday, Jul 29, 2022 - 07:25 PM (IST)

सलूणी (शक्ति): चम्बा-सलूणी मार्ग पर कैला के पास पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। इससे बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गईं और सड़क यातायात के लिए पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई है। सड़क बंद होने से उपमंडल के ऊपरी क्षेत्र की 20 पंचायतों का जिला मुख्यालय सहित बाहरी राज्यों से संपर्क कट गया है। वहीं निजी व परिवहन निगम की 10 बसें भी मार्ग पर फंसी हुई हैं। इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। दो माह के भीतर तीसरी बार यह मार्ग कैला के पास अवरुद्ध हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को चौड़ा करने का कार्य ठेकेदार को दिया है। कुछ समय पहले सड़क के विस्तारीकरण के दौरान पहाड़ी दरक गई और काफी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इससे सड़क का नामोनिशान मिट गया था। लोक निर्माण विभाग ने आनन-फानन में क्षतिग्रस्त सड़क के भाग पर क्रेट लगाकर 2 सप्ताह के बाद यातायात व्यवस्था बहाल की थी लेकिन 30 जून को क्रेट गिरने से एक बार फिर मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया। विभाग ने फिर से सड़क को बहाल करने के लिए कार्य शुरू किया। कंक्रीट का डंगा लगाकर 20 दिन बाद यातायात बहाल किया। इसके एक हफ्ते बाद वीरवार रात को फिर से भूस्खलन हुआ और सड़क पर चट्टानें आने से सड़क बंद हो गई है। 

अतिरिक्त दूरी तय कर जिला मुख्यालय पहुंचीं बसें
शुक्रवार को संघनी, हिमगिरी व भड़ेला से जिला मुख्यालय जाने वाली बसें वाया धरगला चम्बा नहीं जा सकीं। कुछ बसें ट्रांसमिट होकर सवारियों को ढोती रहीं। कई बसें सलूणी वाया कुंडपत रूमा होकर जिला मुख्यालय पहुंचीं। इसके लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। सड़क बंद होने की सूचना मिलने पर विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन टीम सहित मौके पर पहुंचे और मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू करवाया। इस दौरान सड़क को बहाल करने में जुटी जेसीबी पर पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हो गए। हालांकि सड़क को बहाल करने का कार्य जारी है। विभाग मार्ग को बहाल करने में लाखों रुपए फूंक चुका है लेकिन बार-बार मार्ग अवरुद्ध हो रहा है, ऐसे में विभाग के लिए यह मार्ग आफत बनता जा रहा है।  

क्या कहते हैं विभाग के अधिकारी
लोक निर्माण मंडल सलूणी के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने बताया कि भूस्खलन के कारण सड़क का कुछ भाग क्षतिग्रस्त हो गया है। विभाग ने सड़क को बहाल करने के लिए मशीनरी लगा दी है लेकिन पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण सड़क बहाल करने में बाधा आ रही है। शीघ्र सड़क को बहाल कर दिया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News