Chamba : रावी में फेंके गए 6 साल के मासूम का एक हफ्ते बाद भी नहीं मिला सुराग, पुलिस ने दर्ज किए मां के बयान
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 02:13 PM (IST)
Chamba News : शराब के नशे में धुत्त होकर एक पिता द्वारा रावी में फेंके गए 6 साल के मासूम बच्चे का हफ्ते बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। अब तो सर्च ऑप्रेशन भी धीमा पड़ने लगा है। हालांकि ग्रामीण परिजनों के साथ मिलकर अपने स्तर पर बच्चे को जगह-जगह ढूंढ रहे हैं।
सोमवार को भी बच्चे के दादा जयपाल समेत स्थानीय लोगों ने चकलू तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्चा कहीं नहीं मिल पाया। उधर, पुलिस ने बच्चे की मां के भी बयान दर्ज कर लिए हैं। वह पुलिस जांच में सहयोग के लिए चम्बा आई थी। पुलिस द्वारा उनके बयान दर्ज किए गए। अपने बयान में महिला ने बताया कि उसके आरोपी पति ने फोन पर बच्चे को नदी में फेंकने की बात कही थी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने मासूम बेटे को उसके पिता के भरोसे छोड़ा था। उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि परिस्थितियां इतनी भयावह हो जाएंगी। मां ने यह भी कहा कि उसे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि उसके पति ने बच्चे को नदी में फेंक दिया है। महिला ने पति पत्नी के बीच लड़ाई-झगड़े की बात भी कबूल की है।
सारिका के परिजन भी उसके साथ चम्बा पहुंचे थे। पुलिस के समक्ष बयान दर्ज करवाने के बाद वह अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ अमृतसर लौट गई। इसके अलावा महिला ने पुलिस के हर सवाल का जवाब दिया। बता दें कि आरोपी हितेष की पत्नी से अनबन चल रही थी और वह मायके गई हुई थी। 10 अगस्त को उसने पत्नी को फोन किया और फोन पर कुछ कहासुनी हो गई। उसके बाद उसने अपने ही 6 वर्षीय मासूम बच्चे को परेल पुल से नीचे उफनती रावी नदी में फेंक दिया। एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने बच्चे की मां के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं। बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। तलाशी अभियान जारी है।

