Chamba: एचआरटीसी अधिकारी पर 4,000 रुपए की वसूली का आरोप, ठप्प रखे बसों के पहिए
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 07:47 PM (IST)
चम्बा (रणवीर): परिवहन निगम चम्बा में कार्यरत एक अधिकारी पर परिचालक से 4,000 रुपए की अवैध वसूली का आरोप लग है। परिचालक ने इसकी शिकायत ड्राइवर यूनियन से की। यूनियन ने डीडीएम चम्बा से उचित जांच करने की मांग की है। इस मौके पर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर की अगुवाई में निगम के चालक-परिचालकों ने नए बस अड्डे में प्रदर्शन किया और करीब 1 घंटा सेवाएं बंद रखीं। सुबह साढ़े 9 बजे से लेकर 10 बजे तक रूटों पर बसें नहीं चलाईं।
इससे बस रूट प्रभावित हुए और यात्रियों को मुश्किलें उठानी पड़ीं। मान सिंह ठाकुर ने बताया कि निगम का परिचालक बलवीर सिंह रूट पर गया हुआ था। इस दौरान एक अधिकारी ने पठानकाेट में बस को रोककर जांच के दौरान उनसे 4,000 रुपए लिए और कहा कि चम्बा कैश काऊंटर में यह राशि जमा मत करवाना, लेकिन चम्बा में कैश काऊंटर में कहा गया कि आधा कैश जमा नहीं होगा। ऐसे में मजबूरी में परिचालक ने अपनी जेब से सारे पैसे भरे।
2 दिन बीत जाने के बाद भी जब परिचालक को पैसे नहीं मिले तो इस बारे में डीडीएम चम्बा काे शिकायत दर्ज करवाई गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त अधिकारी सरकार के आलाधिकारियों का रोब जताकर चालकों-परिचालकों को तबादले के नाम पर डराता है। अगर जल्द अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो चालक परिचालक अपनी सेवाएं देना बंद कर देंगे। उधर, परिवहन निगम के डीडीएम.चम्बा शुगल सिंह ने बताया कि इस बारे में बीते शाम जानकारी मिली है। मामले में जांच की जा रही है तथा पुलिस को भी शिकायत दी गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

