बजट में मोदी सरकार ने रखा खेल मंत्रालय का विशेष ध्यान : अनुराग ठाकुर

punjabkesari.in Thursday, Feb 02, 2023 - 10:25 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग ठाकुर ने वित्त वर्ष 2023-24 के केंद्रीय बजट में मोदी सरकार द्वारा खेल व युवा मंत्रालय का विशेष ध्यान रखने की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खेलों व खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस बार के केंद्रीय बजट में मोदी सरकार ने युवा व खेल मंत्रालय का बजट 3062.50 करोड़ रुपए (बजट अनुमान 2022-23) से बढ़ाकर 3397.32 करोड़ रुपए (बजट अनुमान 2023-24) कर दिया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 335 करोड़ रुपए ज्यादा है। अगर पीछे देखा जाए तो वर्ष 2013-14 में युवा व खेल मंत्रालय का बजट मात्र 1093 करोड़ रुपए था, यानी की मोदी सरकार ने पिछले 9 वर्षों में 3 गुना से भी ज्यादा बढ़ाया है। 

स्कूलों और काॅलेजों में अधिक एनएसएस इकाइयों के निर्माण में मिलेगी सहायता 
अनुराग ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के लिए बजट 283.50 करोड़ रुपए (बीई 2022-23) से बढ़ाकर 325 करोड़ रुपए (बीई 2023-24) कर दिया गया है। इससे देश भर के स्कूलों और काॅलेजों में अधिक एनएसएस इकाइयों के निर्माण में सहायता मिलेगी। नैशनल स्पोर्ट्स फैडरेशन को सहायता हेतु बजट को 280 करोड़ रुपए (बजट अनुमान 2022-23) से बढ़ाकर 325 करोड़ रुपए (बजट अनुमान 2023-24) कर दिया गया है। राष्ट्रीय खेल विज्ञान एवं अनुसंधान केंद्र के लिए 13 करोड़ रुपए का बजट आबंटित किया गया है। 

खेलो इंडिया जमीनी स्तर की सबसे बड़ी खेल प्रतिभा पहचान और पोषण योजना
अनुराग कहा कि खेलो इंडिया आज भारत में चलने वाली जमीनी स्तर की सबसे बड़ी खेल प्रतिभा पहचान और पोषण योजना है। वर्ष 2018 में हमने खेलो इंडिया योजना शुरू की थी। इस योजना द्वारा हम हर वर्ष 1000 प्रतिभाशाली एथलीटों की पहचान करते हैं और उन्हें उनके प्रशिक्षण, कोचिंग, आहार, किट, चिकित्सा बीमा और जेब खर्च के लिए छात्रवृत्ति देते हैं। वर्तमान में पूरे देश में 700 से अधिक खेलो इंडिया केंद्र हैं जिसे इस वर्ष के अंत तक 1000 करने का संकल्प है। यानी लगभग सभी जिलों में खेलो इंडिया केंद्र स्थापित होंगे। इस भावना को और बल देते हुए खेलो इंडिया योजना का बजट पिछले बार के 974 करोड़ रुपए (बजट अनुमान 2022-23) से बढ़ाकर 1000 करोड़ रुपए (बजट अनुमान 2023-24) कर दिया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News