Himachal:  एक बार फिर बढ़ेंगे सीमैंट के दाम, 10 रुपए और होगा महंगा

punjabkesari.in Monday, Sep 23, 2024 - 09:03 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): हिमाचल में सीमैंट एक बार फिर 10 रुपए महंगा हो रहा है। अभी लोग सीमैंट के बढ़े 25 रुपए के दाम से उभर भी नहीं पाए थे कि सीमैंट कंपनियों ने सीमैंट 10 रुपए प्रति बैग और महंगा करने की तैयारी कर ली है। इसको लेकर कंपनियों ने अपने डीलरों को मैसेज भी कर दिए हैं। पिछले एक महीने में सीमैंट के तीसरी बार दाम बढ़ जाएंगे। इससे पूर्व प्रदेश में 8 सितम्बर को ही सीमैंट के 15 रुपए प्रति बैग दाम बढ़ाए गए थे। हैरानी की बात यह है कि सरकार भी सीमैंट कंपनियों की इस मनमानी को रोकने में नाकाम रही है। 23 अगस्त को प्रदेश में सीमैंट का रेट 10 रुपए बढ़ गया था।

हालांकि उस दिन ही सीमैंट कंपनियों ने अपने डीलरों को मैसेज के माध्यम से सूचित कर दिया था कि सीमैंट के दाम 15 रुपए और बढ़ेंगे। हालांकि उस मैसेज में 25 अगस्त बताया गया था तथा सभी डीलर्स को स्टॉक बनाकर रखने का मैसेज किया है लेेकिन 8 सितम्बर की रात को सीमैंट एक बार फिर से महंगा हो गया। 23 सितम्बर को अब 10 रुपए दाम बढ़ाने का मैसेज डीलरों को मिल गया है। बताया जा रहा है कि एक-दो दिनों में सीमैंट फिर महंगा हो जाएगा। हालांकि अप्रैल में कंपनियों ने सोलन सहित बॉर्डर एरिया में सीमैंट के रेट को कम किया था लेकिन इस बार बढ़ाए गए दामों से उस राहत को भी छीन लिया गया है।

सीमैंट के रेट बढ़ने की पिछले कई दिनों से संभावना थी। कंपनियां अपने डीलरों को रेट बढ़ाने से पूर्व ही मैसेज भेज देती हैं। जनवरी महीने में कंपनियों ने अपने डीलरों को सीमैंट के 5 रुपए तक दाम बढ़ाने का मैसेज किया था। उसके कुछ दिन बाद दाम बढ़ गए थे। अप्रैल महीने में सीमैंट सस्ता भी हुआ था। 10 रुपए प्रति बैग सीमैंट के रेट कम हुए थे। 15 रुपए दाम बढ़ने के बाद सोलन में सीमैंट के रेट बढ़कर 440 रुपए प्रति बैग हो गए थे। अब 10 रुपए बढ़ने के साथ ये दाम 450 रुपए हो जाएंगे। वर्तमान में पूरे प्रदेश की बात करें तो सीमैंट का बैग 440 रुपए से 545 रुपए तक बिक रहा है। पिछले करीब साढ़े 5 वर्षों में सीमैंट के दामों में 150 से 220 रुपए प्रति बैग की वृद्धि हुई है। यह बात अलग है कि पड़ोसी राज्यों में सीमैंट सस्ता है और जहां पर उत्पादन हो रहा है, उस राज्य में सीमैंट महंगा हो गया है।

इससे पूर्व भी सीमैंट कंपनियों ने 5 सितम्बर, 2023 को अपने डीलरों को 15 रुपए प्रति बैग दाम बढ़ाने का मैसेज भेजा था। इसके करीब 10 दिन बाद ही सीमैंट 10 रुपए प्रति बैग महंगा हो गया था। अक्तूबर, 2023 में भी सीमैंट के 5 रुपए प्रति बैग दाम बढ़े थे। इससे पूर्व वर्ष 2022 में 5 जुलाई और 3 दिसम्बर को भी इसी तरह का मैसेज भेजा गया था। जुलाई, 2022 में जहां सीमैंट 5 रुपए महंगा हुआ था वहीं 12 दिसम्बर, 2022 में सीमैंट के दाम 5 रुपए बढ़ गए थे।

हालांकि दिसम्बर 2022 के बाद प्रदेश में सीमैंट के दाम जुलाई 2023 तक नहीं बढ़े थे, क्योंकि दिसम्बर, 2022 में मालभाड़े के विवाद के चलते अडानी ग्रुप ने अम्बुजा व एसीसी सीमैंट उद्योग में तालाबंदी कर दी थी। फरवरी, 2023 में सीमैंट उद्योगों में उत्पादन शुरू हुआ था। पिछले कुछ समय से सीमैंट के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। अब सीमैंट कंपनियों ने पहले से ही महंगाई से परेशान आम आदमी को एक और झटका दिया है। हालांकि सीमैंट के दामों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। अब देखना है कि सरकार इस दिशा में क्या कदम उठाती है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News