हिमाचल के 90 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता जांच में फेल, उद्योगों पर उत्पादन रोकने के आदेश : डॉ. मनीष कपूर
punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 08:25 PM (IST)
सोलन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर जारी निगरानी के बीच अक्तूबर माह के ड्रग अलर्ट में प्रदेश की दवा निर्माता कंपनियों के 90 नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की ओर से जारी अक्तूबर 2026 के एनएसक्यू (नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी) अलर्ट में देशभर के कुल 324 दवाओं के नमूने गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए हैं। इनमें 90 नमूने हिमाचल प्रदेश में स्थित दवा निर्माण इकाइयों से संबंधित हैं।
राज्य औषधि नियंत्रक डॉ. मनीष कपूर ने आम जनता, मरीजों, दवा विक्रेताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों से अपील की है कि वे सीडीएससीओ की ओर से जारी ड्रग अलर्ट को नियमित रूप से जांचें तथा गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाली घोषित दवाओं के संबंधित बैच का इस्तेमाल न करें।
उन्होंने बताया कि देशभर में औषधि निरीक्षक हर महीने बाजार से दवाओं के नमूने एकत्रित करते हैं। इनकी प्रयोगशालाओं में जांच की जाती है और निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले नमूनों की जानकारी सीडीएससीओ की वैबसाइट पर जारी की जाती है। अक्तूबर माह के अलर्ट में हिमाचल के 90 नमूने शामिल हैं। इनमें से 16 नमूनों में विवरण और पीएच वैल्यू सहित अन्य मानकों से संबंधित मामूली स्तर की खामियां पाई गई हैं।
डॉ. मनीष कपूर ने दावा किया कि देश के घरेलू बाजार में हिमाचल प्रदेश के दवा उद्योगों के बड़े उत्पादन योगदान को देखते हुए प्रदेश का एनएसक्यू प्रतिशत लगभग 0.6 फीसदी है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा 2.6 फीसदी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और नियामक कार्रवाई लगातार मजबूत की जा रही है।
94 दवा निर्माण स्थलों पर उत्पादन बंद करने के आदेश
दवा गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जानकारी देते हुए डॉ. कपूर ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 94 दवा निर्माण स्थलों पर उत्पादन रोकने के आदेश लागू हैं। इनमें कुछ उद्योगों के पूरे परिसर जबकि कुछ के विशेष उत्पादन अनुभागों पर रोक लगाई गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित उद्योग तब तक उत्पादन दोबारा शुरू नहीं कर सकते, जब तक वे आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक कार्रवाई पूरी नहीं कर लेते और औषधि नियंत्रण प्रशासन की ओर से इन सुधारों की प्रभावशीलता का सत्यापन नहीं कर दिया जाता। इसी तरह एनएसक्यू घोषित किसी विशेष दवा का उत्पादन भी आवश्यक सुधारों और उनके सत्यापन के बाद ही शुरू किया जा सकता है।

