मंत्री पद के लिए राजेश धर्माणी-यादविंदर गोमा के नाम लगभग फाइनल, राजेंद्र राणा व सुधीर शर्मा में फंसा पेंच
punjabkesari.in Friday, Jun 23, 2023 - 11:28 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में बिलासपुर जिले से राजेश धर्माणी व कांगड़ा से यादविंदर गोमा का नाम मंत्री पद के लिए लगभग फाइनल हो गया है। इसके अलावा तीसरे मंत्री के रूप में हमीरपुर जिले से राजेंद्र राणा व कांगड़ा से सुधीर शर्मा के बीच पेंच फंस गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के प्रदेश लौटने से पहले मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर शुक्रवार को पार्टी आलाकमान से चर्चा हुई, जिसमें जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखकर ये नाम सामने आए हैं। इसी तरह निगम-बोर्ड में नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई है। यानि प्रदेश में जल्द मंत्रिमंडल विस्तार के अलावा निगम-बोर्ड में अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की तैनाती हो सकती है।
सत्ता एवं संगठन से जुड़े विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा
उल्लेखनीय है कि दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ सत्ता एवं संगठन से जुड़े विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस चर्चा में राजेश धर्माणी, यादविंदर गोमा, राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, विनय कुमार, संजय रत्न एवं इंद्रदत्त लखनपाल के नाम सामने आए थे।
लोकसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश
पार्टी आलाकमान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह को अब लोकसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही विधानसभा चुनाव में किए गए वायदों को चरणबद्ध तरीके से अमल करने को भी कहा गया है ताकि जनता का पार्टी पर विश्वास बना रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here