Himachal: खौफनाक मंजर में बदला पर्यटकों का सफर, चंडीगढ़-मनाली NH पर पहाड़ी से टकराकर सड़क पर पलटी वोल्वो बस
punjabkesari.in Sunday, Apr 13, 2025 - 11:05 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर रविवार तड़के करीब 4 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से कसोल जा रही पर्यटकों से भरी एक वोल्वो बस मंडी से पंडोह के बीच चार मील के पास पहाड़ी से टकराकर सड़क पर पलट गई। इस बस में सवार करीब 35 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलैंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत मंडी के जोनल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बाकी यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि तेज गति के कारण ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पहाड़ी से टकराकर पलट गई।