Kangra: ज्वाली के ‌BSF जवान का असम में निधन, घर में पसरा मातम; 8 महीने बाद थी रिटायरमैंट

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 09:49 PM (IST)

ज्वाली (नंदपुरी): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत जरपाल के रहने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान सर्वजीत का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया है। असम के कूचबिहार क्षेत्र में तैनात जवान की नहाते समय करंट लगने से जान चली गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुखद घटना 3 सितम्बर की सुबह घटी। 59 वर्षीय जवान सर्वजीत अपनी नाईट ड्यूटी पूरी करने के बाद जब नहाने गए तो अचानक करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस कर अचेत हो गए। साथियों द्वारा उन्हें तुरंत नजदीकी सैन्य अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नियति की विडंबना देखिए कि घर पर जवान सर्वजीत की सेवानिवृत्ति की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। उन्हें 27 अप्रैल 2027 को बीएसएफ से सेवानिवृत्त होना था और परिवार उनके घर लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था, लेकिन उनके अचानक निधन ने परिवार के सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया। सर्वजीत अपने पीछे 88 वर्षीय वृद्ध पिता, धर्मपत्नी और तीन बेटों का भरा-पूरा परिवार रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।

ग्राम पंचायत जरपाल के उपप्रधान प्रमोद सिंह पठानिया ने जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सर्वजीत एक बेहद मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। उनका यूं अचानक दुनिया से चले जाना पंचायत और पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

शोक संतप्त परिजनों ने बताया कि जवान सर्वजीत का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह लगभग 9 बजे उनके पैतृक गांव जरपाल पहुंचेगा। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी और उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News