Sirmaur News: खून के प्यासे हुए अपने! भाई-भाभी ने मिलकर किया हमला, दराट के वार से कटा हाथ का अंगूठा

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 03:14 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला मुख्यालय नाहन के बड़ा चौक क्षेत्र में बुधवार को एक पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। यहां एक छोटे भाई ने अपनी भाभी के साथ मिलकर अपने ही बड़े भाई पर नारियल काटने वाले तेजधार हथियार (दराट) से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में बचाव करते हुए बड़े भाई के दाहिने हाथ का अंगूठा कटकर शरीर से अलग हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।

दुकान में सफाई के दौरान शुरू हुई बहसबाजी
पुलिस को दी गई शिकायत में रतन भवन रानीताल निवासी राम प्रकाश पुत्र स्वर्गीय रत्न लाल ने बताया कि बुधवार को वह बड़ा चौक स्थित अपनी दुकान में मौजूद थे। वहां वह मजदूर हरप्रीत सिंह और हरजीत के साथ मिलकर दुकान की सफाई का काम करवा रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार इसी दौरान उसका छोटा भाई दुर्गेश और स्वर्गीय भाई राज कुमार की पत्नी (भाभी) नीलम वहां आ पहुंचे। दोनों ने दुकान में हो रहे सफाई के काम को जबरन रुकवाने की कोशिश की, जिसे लेकर उनके बीच तीखी बहसबाजी शुरू हो गई।

गर्दन पर था निशाना, बचाव में कटा अंगूठा
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब विवाद काफी बढ़ गया तो दुर्गेश दुकान के सामने स्थित एक जूस की दुकान से नारियल काटने वाला तेजधार दराट उठा लाया। आरोप है कि भाभी नीलम ने राम प्रकाश को आगे से घेर लिया, ताकि वह भाग न सके। इसी दौरान दुर्गेश ने पीछे से राम प्रकाश की गर्दन को निशाना बनाते हुए दराट से वार कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए राम प्रकाश ने जैसे ही अपना हाथ आगे किया तो दराट की चपेट में आने से उनके दाहिने हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया। घटना के बाद कटा हुआ अंगूठा वहीं कहीं गिर गया।

मेडिकल कॉलेज पहुंचाया घायल, आरोपी हिरासत में
खून से लथपथ राम प्रकाश को तुरंत नाहन के मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया। इस हिंसक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि राम प्रकाश की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी दुर्गेश और नीलम को हिरासत में ले लिया है। दोनों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मौके पर जाकर घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News